बिहार के रामकृष्ण नगर इलाके के भूपतीपुर में बहन के लव अफेयर का विरोध करने पर 17 साल की बहन और उसके 16 साल के प्रेमी ने मिलकर 21 साल के भाई आदित्य राज कुमार पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में आदित्य बुरी तरह घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों नाबालिगों को नालंदा जिले के सिलाव से पकड़ लिया है और उन्हें बाल सुधार केंद्र भेज दिया है। मूल रूप से सिवान का रहने वाला यह परिवार पटना के रामकृष्ण नगर में रहता है और इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

 

पुलिस के मुताबिक, आदित्य की 17 साल की बहन का मोहल्ले के एक लड़के से अफेयर था। जब परिवार को इस बारे में पता चला तो उन्होंने इसका विरोध किया। बड़ा भाई आदित्य इस रिश्ते के बिल्कुल खिलाफ था। उसका कहना था कि लड़की अभी बहुत छोटी है और यह उसके पढ़ने की उम्र है। इसी बात से बहन और उसका प्रेमी भाई से बहुत गुस्सा हो गए। दोनों ने मिलकर आदित्य को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया और मौका मिलते ही उस पर चाकू से कई बार हमला कर दिया।

 

यह भी पढ़ें: साइबर ठगी और पाकिस्तानी चैट का भंडाफोड़, 21 एटीएम कार्ड के साथ दो गिरफ्तार

सड़क पर खून से सना मिला भाई

हमले के बाद आदित्य सड़क पर खून से लतपथ और गिर पड़ा मिला। आसपास के लोग शोर सुनकर दौड़े आए और तुरंत उसे एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों का कहना है कि आदित्य के शरीर पर चाकू के कई निशान हैं लेकिन अब उसकी हालत खतरे से बाहर है। घटना के बाद बहन और उसका प्रेमी वहां से भाग गए। घर वाले और मोहल्ले के लोग कुछ समझ पाते उससे पहले दोनों गायब हो चुके थे। खबर मिलते ही रामकृष्ण नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

 

पटना के एसडीपीओ रंजन कुमार ने बताया कि फोन की लोकेशन और लोगों की मदद से पता चला कि दोनों नाबालिग नालंदा जिले के सिलाव की तरफ भागे हैं। पुलिस की टीम तुरंत सिलाव गई और छापेमारी करके दोनों को पकड़ लिया। पकड़े गए दोनों नाबालिगों को पटना लाकर जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत सुधार  के लिए भेज दिया गया है। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म मान लिया है। एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ में दोनों ने कहा कि वे परिवार के विरोध से बहुत परेशान हो गए थे उन्होंने यह कदम उठाया।

 

यह भी पढ़ें: पानी से बचने के लिए बेंच पर चढ़ीं, बच्चों ने ढोया, बिहार की टीचर वायरल हो गईं

परिवार में दुख का माहौल

इस घटना के बाद से आदित्य के घर में बहुत दुख है। माता-पिता यह समझ नहीं पा रहे हैं कि उनकी अपनी बेटी ने अपने ही भाई पर हाथ कैसे उठा दिया। मोहल्ले के लोग भी इस घटना से बहुत हैरान हैं। उनका कहना है कि आजकल के बच्चों में गुस्सा इतना बढ़ गया है कि वे अपनों के रिश्तों की भी परवाह नहीं कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लड़की और लड़के की दोस्ती काफी समय से थी। परिवार ने कई बार उन्हें समझाने की कोशिश की थी लेकिन दोनों नहीं माने। घायल आदित्य का इलाज अभी अस्पताल में चल रहा है।