पंजाब के लुधियाना के एक प्राइवेट स्कूल में एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। स्कूल में पढ़ने वाली 16 साल की एक छात्रा ने इस मामले में शिकायत दर्ज करवाई है। छात्रा का आरोप है कि ऑफिस के चपरासी ने लड़की को अकेला देखकर गलत तरीके से छुआ और जबरन किस करने की कोशिश की। इस मामले में स्कूल के चपरासी प्रिंस को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 

 

पुलिस के मुताबिक, मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू की गई और स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की गई। यह घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया है कि चपरासी ने इस छेड़खानी का सीसीटीवी फुटेज स्कूल से ले लिया था। इस फुटेज को वह अपने दोस्तों को दिखाकर छात्रा को बदनाम कर रहा था।

 

यह भी पढ़ें: 'आपकी ईमानदारी पर संदेह है', भारत ने पाकिस्तान का जिक्र कर OIC को क्यों फटकारा?

 

क्या है पूरा मामला?

शिकायत के अनुसार, छात्रा को स्कूल के लिए एक किताब चाहिए थी। इसके लिए वह अपनी क्लास टीचर के पास गई थी, जिन्होंने उसे किताब लेने के लिए टीचर के कमरे में जाने को कहा। आरोप है कि जब छात्रा कमरे में किताब तलाश रही थी, तभी वहां स्कूल में चपरासी के तौर पर काम करने वाला प्रिंस पहुंचा। छात्रा की मां की शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर छात्रा को पकड़कर दीवार से लगा दिया और उसकी मर्जी के खिलाफ उसे किस करने की कोशिश की और उसके साथ गलत हरकतें कीं।

वीडियो में क्या दिखा?

यह सारी घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। फुटेज में दिख रहा है कि छात्रा ऑफिस में है और दीवार पर लगी रैक में रखी किताबों में कोई किताब निकालने की कोशिश कर रही है। इसी दौरान आरोपी चपरासी कमरे में घुस आता है। आकर वह छात्रा से कुछ बात करता है और छात्रा उसे एक किताब रखने को देती है और वहां से निकलने लगती है।  

 

इसी दौरान प्यून पीछे से लपककर छात्रा को पकड़ लेता है और फिर उसे मुंह से पकड़कर दीवार और उससे सटकर रखी अलमारी के बीच दबोच लेता है। इसके बाद वह छात्रा को किस करता है। छात्रा उसे झटकती है और बाहर निकलने लगती है। चपरासी उसके पीछे-पीछे आकर हंसते हुए उसका हाथ पकड़ने की कोशिश करता है, छात्रा तेजी से ऑफिस से निकल जाती है।

 

यह भी पढ़ें: किराए को लेकर हुआ झगड़ा, किराएदारों ने मकान मालिक को जान से मार डाला

पुलिस ने क्या बताया?

तिब्बा पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर जसप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस को इस घटना की जानकारी 16 अक्टूबर को मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच की और स्कूल के सीसीटीवी फुटेज को रिकॉर्ड में लिया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, फुटेज में प्रिंस नाम का व्यक्ति नाबालिग छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार करता दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस ने तिब्बा थाने में एफआईआर दर्ज की और उसी दिन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अभी पुलिस हिरासत में है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।