प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को हरियाणा के दौरे पर आ सकते हैं। क्यास लगाए जा रहे हैं कि हरियाणा दिवस और प्रदेश के गठन की 60वीं वर्षगांठ पर अंबाला में होने वाले राज्यस्तरीय समारोह में पीएम शामिल होंगे। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज भी पीएम मोदी के इस दौरे को लेकर बयान जारी कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंबाला छावनी में आएंगे। इस दौरे के दौरान पीएम 800 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आजादी की पहली लड़ाई के शहीद स्मारक का उद्घाटन कर सकते हैं।
हालांकि, पीएम के हरियाणा दौरे को लेकर अभी कार्यक्रम प्रस्तावित नहीं हुआ है, लेकिन प्रशासन ने हरियाणा दिवस के कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने कार्यक्रम में टेंट, इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य व्यवस्थाओं के लिए ओपन टेंडर भी जारी किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस कार्यक्रम में हरियाणा के कई दिग्गज जुटेंगे।
यह भी पढ़ें: अंकिता भंडारी केस: दिल्ली से उत्तराखंड तक प्रदर्शन, राजभवन के बाहर धरना
स्मारक का करेंगे उद्घाटन?
1857 क्रांति के इतिहास पर आधारित शहीद स्मारक पूरे देश का पहला ऐसा राष्ट्रीय स्मारक है, जो 1857 की क्रांति के वीरों के बलिदान को समर्पित है। स्मारक में अंबाला, हरियाणा, मेरठ, दिल्ली, पंजाब, गुजरात, झांसी और देश के अन्य क्षेत्रों में वर्ष 1857 के संघर्ष को दशार्या गया है। यहां उस दौर की घटनाओं, क्रांतिकारियों के संघर्ष और उनके बलिदान की जानकारी मिलेगी।
इस स्मारक में अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग किया गया है। यहां 360 डिग्री प्रोजेक्शन की व्यवस्था है, जिसके माध्यम से लोगों को ऐसा अनुभव कराने का प्रयास किया गया है, मानो वो स्वयं क्रांतिकारियों के बीच खड़े हों। इसके साथ ही पर्यटकों को ऐसा लगेगा कि वे उस ऐतिहासिक दौर को करीब से देख रहे हों।
स्मृति ईरानी कर सकती हैं बैठक
बताया जा रहा है कि पीएम के दौरे से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री और हरियाणा प्रभारी स्मृति ईरानी राज्य का दौरा कर सकती हैं। उनका यह दौरा 22 और 23 अक्टूबर को होने की संभावना है। प्रभारी बनने के बाद स्मृति ईरानी का यह पहला दौरा होगा।
हरियाणा बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व दो दिवसीय दौरे के दौरान पंचकूला में जुटेगा, जहां हरियाणा प्रभारी संगठन और सरकार की महत्वपूर्ण बैठक लेंगी। इस बैठक में हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता समेत प्रदेश के कई राज्यमंत्री, विधायक और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें: बेमौसम बारिश का डर, मंडियों में नहीं उठ रहा धान; हरियाणा में धरने पर बैठे किसान
दो दिन होगा मंथन
जानकारी मिली है कि जनप्रतिनिधियों की अहम बैठक की व्यवस्था का दायित्व खेल मंत्री गौरव गौतम को सौंपा गया है। बैठक के पहले दिन प्रदेश के पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और संगठन नेताओं में मंथन होगा। वहीं दूसरे दिन मुख्यमंत्री, सांसद और विधायकों की अहम बैठक होगी। बता दें कि स्मृति ईरानी के दौरे से हरियाणा बीजेपी की संगठनात्मक गतिविधियां तेज होने की भी संभावना है।
