बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत विशेष निगरानी इकाई ( SVU) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी की टीम ने पूर्णिया जिले के बैसा प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी राज कुमार चौधरी और उनके निजी सहायक सतीश कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि दोनों ने एक वेंडर के 16 लाख रुपये के बिल पास करने के बदले 46 हजार रुपये कमीशन मांगा था। बीडीओ अपने सरकारी आवास पर रिश्वत की रकम ले ही रहे थे कि पहले से घात लगाए बैठी निगरानी टीम ने धावा बोल दिया और दोनों को दबोच लिया।
मामले के शिकायतकर्ता अनगढ़ थाना क्षेत्र निवासी राज किरण पेशे से वेंडर हैं। उनका आरोप है कि उन्होंने बैसा प्रखंड में चल रही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए लगभग 16 लाख रुपये की निर्माण सामग्री उपलब्ध कराई थी। काम पूरा होने के बाद जब राज किरण अपने भुगतान के लिए बीडीओ के पास गए तो वहां उन्हें झटका लगा। बीडीओ ने साफ कह दिया कि बिना कमीशन के एक भी रुपये का भुगतान नहीं होगा। शिकायतकर्ता के अनुसार, बीडीओ ने कुल 16 लाख रुपये के भुगतान के एवज में 46 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। रकम नहीं देने पर बिल को लटकाने की धमकी भी दी गई।
यह भी पढ़ें: शराबबंदी वाले बिहार में नशे में मिले ASI, जांच में हुई पुष्टि, भेजे गए जेल
गोपनीय सत्यापन के बाद बना प्लान
अपने भुगतान के लिए परेशान वेंडर ने पटना स्थित विशेष निगरानी इकाई में इसकी लिखित शिकायत की। शिकायत मिलते ही SVU ने मामले को बेहद गोपनीय तरीके से सत्यापन कराना शुरू किया। सत्यापन के दौरान निगरानी टीम ने पाया कि बीडीओ वाकई रिश्वत मांग रहे हैं। सत्यापन के दौरान बीडीओ ने शिकायतकर्ता से स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक 46 हजार रुपये कमीशन नहीं मिलेगा, तब तक बिल पास नहीं होगा। आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी इकाई ने तुरंत एक विशेष धावा दल का गठन किया और गिरफ्तारी की योजना बनाई।
योजना के अनुसार, शिकायतकर्ता को बीडीओ के सरकारी आवास पर रिश्वत की रकम लेकर बुलाया गया। जैसे ही बीडीओ ने 46 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की, बाहर खड़ी निगरानी टीम ने अंदर प्रवेश कर छापेमारी कर दी। इस दौरान बीडीओ के साथ उनके निजी सहायक सतीश कुमार भी मौजूद थे। टीम ने दोनों को रिश्वत की पूरी रकम के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें: प्रेमी संग रची साजिश, पति को चलती ट्रेन में मरवाई गोली, शूटर समेत 3 गिरफ्तार
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में दर्ज हुआ केस इस मामले में SVU ने वेंडर राज किरण की शिकायत के आधार पर आरोपी बीडीओ के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम दोनों आरोपियों को लेकर पटना के लिए रवाना हो गई। पटना में आवश्यक कागजी कार्रवाई और पूछताछ के बाद दोनों को पटना स्थित विशेष निगरानी न्यायालय में पेश किया गया। विशेष निगरानी इकाई के अपर पुलिस महानिदेशक सुधांशु कुमार ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है। प्रखंड विकास पदाधिकारी और उनके निजी सहायक की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तारी के बाद पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
