हमारे आसपास चोरी की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं। इन चोरी की घटनाओं में चोर पकड़े भी जाते हैं। मगर, एक चोर की शिद्दत देखकर हर कोई हैरान है। दरअसल सालों पहले एक चोर स्नैचर का स्नैचिंग की वारदात करते समय एक पैर कट गया था। उस चोर की चोरी करने की लगन ने उसे इतना प्रेरित किया कि उसने पैर कटने के बाद भी स्नैचिंग नहीं छोड़ी। चोर ने स्नैचिंग करने के लिए नकली पैर लगवा लिया और लोगों से झपटमारी करना जारी रखा।

 

इस दिलचस्प मामले का खुलासा रेलवे पुलिस (RPF) ने सुलझाया है। दरअसल, दिल्ली में रानीखेत एक्सप्रेस में सफर कर रही एक बुजुर्ग महिला से झपटमारी हुई थी। शिकायत के बाद रेलवे पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इनमें से एक आरोपी का डेढ़ साल पहले स्नैचिंग करते समय पैर कट गया था। उसने नकली पैर लगवाया था और चोरी का काम लगातार जारी रखा।

 

यह भी पढ़ें: कसोल में पार्टी करके गंदा कर गए थे जंगल, 90.5 टन कचरा हुआ साफ

 

पूरा मामला क्या है?

 

RPF ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना 25 अगस्त 2026 की है। अजमेर की रहने वाली 67 साल की बुजुर्ग महिला रानीखेत एक्सप्रेस के ए-2 कोच में सफर कर रही थी। ट्रेन जब सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली थी, उसी दौरान एक युवक अचानक उनका पीले रंग का पर्स झपटकर ट्रेन से भाग गया। पर्स में मोबाइल फोन, सोने की चेन, नकदी और जरूरी दस्तावेज थे। महिला ने सराय रोहिल्ला स्टेशन थाने में FIR दर्ज करवाई। पुलिस ने तकनीकी और सीसीटीवी फुटेज की जांच करते हुए दिल्ली के पटेल नगर से लेकर जखीरा फ्लाईओवर तक के रास्ते में लगे करीब 20 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

 

चोरों को पुलिस ने कैसे पकड़ा?

 

जांच के बाद RPF दिल्ली पुलिस की मदद से एक आरोपी दिलशाद उर्फ बड़का को पकड़ लिया। 20 साल का दिलशाद जखीरा इलाके में रहता है। पूछताछ में दिलशाद ने इस वारदात में अपने साथी मोहम्मद हसन उर्फ गोलू के शामिल होने की बात कबूल कर ली। दिलशाद का डेढ़ साल पहले ट्रेन में ही झपटमारी करते वक्त पैर कट गया था लेकिन उसने नकली पैर लगवाया और फिर झपटमारी करने लगा।

 

यह भी पढ़ें: 'बेटियां सिर्फ नौकरी लेने वाली नहीं देने वाली बनें', बोले CM सम्राट चौधरी

 

पुलिस ने दिलशाद और हसन के पास से बुजुर्ग महिला की करीब 56 ग्राम वजन की सोने की चेन बरामद कर ली है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।