उत्तर प्रदेश के बरेली मेयर के नीजी कार्यक्रम में गुरुवार को भगदड़ मचने से बड़ा हादसा हो गया। बरेली के मेयर उमेश गौतम और उनके बेटे पार्थ गौतम ने बरेली क्लब ग्राउंड में रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया था। इस मौके पर में कार्यक्रम में आए लोगों की संख्या इतनी अधिक हो गई कि इसमें भगदड़ मच गई। इस हादसे में एक 45 साल की महिला की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए।
मृतक की पहचान 45 साल की मधु के रूप में हुई है। वह पीलीभीत बाईपास रोड पर चंद्रगुप्त पुरम के रहने वाले पूर्व सैनिक भगवान सिंह की पत्नी थीं। भीड़ में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें मिशन हॉस्पिटल ले जाया गया। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई और हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: 5 दिन की बैंकिंग व्यवस्था की मांग को लेकर चंडीगढ़ में बैंककर्मियों का प्रदर्शन
20,000 महिलाओं को बुलाया गया
यह कार्यक्रम युवा सेवक संघ और पार्थ गौतम फाउंडेशन ने आयोजित किया था। शहर और आस-पास की तहसीलों की महिलाएं मेयर और उनके बेटे को राखी बांधने के लिए इकट्ठा हुई थीं। आयोजकों ने इस साल लगभग 20,000 महिलाओं को रक्षाबंधन कार्यक्रम में राखी बांधने के लिए बुलाया था। पिछले साल 15,000 महिलाओं को बुलाया गया था। इस बार इसमें शामिल महिलाओं को गिफ्ट और खाना खिलाने का वादा किया गया था। महिलाओं के साथ में उनके घरों से मर्द और बच्च भी आए थे, जिसकी वजह से भी और भी बढ़ गई।
कैसे हुआ हादसा?
गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे भीड़ के लिए किए गए इंतजाम से ज्यादा महिलाएं स्टेज की तरफ तेजी से आगे बढ़ने लगीं। पुलिस के मुताबिक, स्टेज से सब्र और सहयोग की अपील करने वाली घोषणाएं भी भीड़ को कंट्रोल करने में नाकाम रहीं। इसी बीच भगदड़ मच गई। इसमें चार महिलाएं घायल हो गईं। बाद में चारों को अस्पताल ले जाया गया लेकिन एक महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन महिलाओं को अस्पताल में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
यह भी पढ़ें: एक महीने में 8वें राज्य में लगा प्रतिबंध, पंजाब ने भी एनालॉग पनीर पर लगाया बैन
घटना का आंखों देखा हाल
मृतक के मधु के भाई अनेश सिंह ने बताया कि उनकी बहन अपने पड़ोस की कई महिलाओं के साथ कार्यक्रम में गई थीं। कार्यक्रम के दौरान अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी भीड़ के हिसाब से सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए थे।
