उत्तर प्रदेश के शामली जिले में हरियाणवी गायक, यूट्यूबर और पूर्व खिलाड़ी अंकित बालियान की जिम के बाहर हुई हत्या के मामले में पुलिस को बहुत बड़ी सफलता मिली है। सोनीपत के राजड़ा गांव के रहने वाले दोनों मुख्य शूटर सुमित और मोहित शामली में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए हैं। इस गोलीबारी में पुलिस की गाड़ी पर गोली लगी और दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए जिनका तुरंत इलाज कराया गया। सोमवार सुबह करीब 4 बजे शामली कोतवाली इलाके में पुलिस और बदमाशों का आमना-सामना हुआ। एसपी एनपी सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त खबर मिली थी कि अंकित बालियान की हत्या करने वाले बदमाश शामली आने वाले हैं इसलिए सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया था। पुलिस को देखकर बदमाश मन्ना माजरा की तरफ भागने लगे।
जब पुलिस ने उनका पीछा किया और वे होटल राजमहल के पास घिर गए तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। एक गोली पुलिस की गाड़ी पर लगी और इस फायरिंग में दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने अपनी रक्षा में जवाबी गोली चलाई जिसमें दोनों बदमाश वहीं मारे गए। घायल पुलिसकर्मियों और दोनों मरे हुए बदमाशों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने बदमाशों को मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: किशनगंज में 406 ग्राम स्मैक के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, 2 होमगार्ड भी दबोचे
मारे गए शूटरों की पहचान
पुलिस मुठभेड़ में मारे गए दोनों शार्प शूटर सुमित और मोहित थे जो सोनीपत के राजड़ा गांव के रहने वाले थे और हत्या की इस साजिश में सीधे शामिल रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि इस मामले को लेकर करनाल, पानीपत और रोहतक में छापेमारी की गई थी जहां आर्यन और सत्यम के नाम सामने आए थे। साथ ही इस घटना के तार गोगी गैंग और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने की चर्चाएं भी थीं।
जिम के बाहर कैसे की गई थी हत्या?
यह घटना 26 अगस्त 2026 की शाम को करीब 6:45 बजे शामली के मोहल्ला आर्यपुरी में हुई थी। बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले अंकित बालियान एक हरियाणवी सिंगर, यूट्यूबर और पूर्व कबड्डी खिलाड़ी थे और वह जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। वह शाम को जिम में कसरत करने गए थे।
करीब ढाई घंटे जिम में रहने के बाद जैसे ही अंकित बाहर आए और जिम से बीस मीटर दूर खड़ी अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी के पास पहुंचे वहां पहले से घात लगाकर बैठे बाइक सवार बदमाशों ने उन पर गोलियां बरसा दीं। हमलावरों ने करीब 18 से 20 गोलियां चलाई। अंकित जान बचाने के लिए गाड़ी के पीछे भागे लेकिन बदमाशों ने गाड़ी के शीशों और अगले हिस्से को छलनी करते हुए उनके शरीर पर गोलियां चला दीं। मौके पर करीब 18 खाली कारतूस मिले थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए खुलासे
अंकित बालियान की मौत के बाद तीन डॉक्टरों की टीम ने उनका पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट के मुताबिक, अंकित के शरीर पर 5 से ज्यादा जगह गोलियों के निशान थे और कुल 9 गोलियां उनके शरीर को लगी थीं। जांच में साफ हुआ कि अंकित के सिर में दो गोलियां लगी थीं जो आर-पार निकल गई। इसके अलावा दो गोलियां जांघों में, दो पेट में और एक गोली छाती के पास लगी थी। हमलावरों की फायरिंग से उनका शरीर छलनी हो चुका था।
यह भी पढ़ें: सिजोफ्रेनिया से पीड़ित था बेटा, पिता ने मारकर कंटेरनर में डाल दिया
इस हत्या के बाद शामली में हंगामा हुआ और परिवार और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों लोगों ने रात के समय अंकित के शव को बीच सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों के एनकाउंटर व कड़ी सजा की मांग करने लगे। मृतक की मां अपने बेटे के शव को गोद में लेकर सड़क पर बैठकर रो रही थीं। हालात को देखते हुए डीआईजी, एडीजी, डीएम आलोक यादव और एसपी एनपी सिंह सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अंकित बालियान के पिता ने कहा है कि एनकाउंटर से आधा इंसाफ मिला है।
