महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के पास डोंबिवली इलाके में एक बिल्डर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर की गिरफ्तारी ने सबको चौंका दिया है। 'पूकी अंकल' और 'पूकी डॉन' के नाम से मशहूर 55 वर्षीय सुरेंद्र पांडुरंग पाटिल को ठाणे क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियार रखने के आरोप में शनिवार रात को गिरफ्तार किया है। उनके घर से न सिर्फ हथियार बल्कि कारतूस और एयर गन की गोलियां भी बरामद हुईं। पाटिल सोशल मीडिया पर अपने अजीब डांस और हथियारों के साथ वीडियो बनाने के लिए जाने जाते हैं, जिसके चलते उनके लाखों फॉलोअर्स बन गए थे।

 

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सुरेंद्र पांडुरंग पाटिल के घर में बड़ी मात्रा में अवैध हथियार छिपाए गए हैं। इस सूचना के आधार पर शनिवार देर रात डोंबिवली के दावड़ी नाका स्थित उनके बंगले पर छापा मारा गया। तलाशी के दौरान पुलिस को जूते की रैक के पीछे एक गुप्त कम्पार्टमेंट मिला, जिसमें हथियारों का जखीरा छिपाकर रखा गया था।

 

यह भी पढ़ें: 21 साल में 25वां ट्रांसफर, कौन हैं IAS अधिकारी तुकाराम मुंढे?

पूकी डॉन के घर से मिला हथियारों का जखीरा

छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 7 हथियार बरामद किए, जिनमें 5 देसी पिस्टल और रिवॉल्वर शामिल हैं। इसके अलावा 371 जिंदा कारतूस और 167 एयर गन के पेलेट भी मिले। बरामद हथियारों की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। कुछ हथियारों पर 'मेड इन अमेरिका' और 'स्पेशल ऑटो' जैसी मार्किंग भी पाई गई, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

 

हथियारों के अलावा पुलिस ने घर से तलवार, बटन चाकू और लोहे की रॉड भी जब्त की हैं। साथ ही दो महंगे स्मार्टफोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद इस बात की ओर इशारा करते हैं कि इनका इस्तेमाल कभी भी किया जा सकता था।

 

यह भी पढ़ें: हेमंत सोरेन के घर को लेकर झारखंड में बवाल क्यों मचा है? BJP और JMM भिड़ीं

पुराने मामलों में भी कनेक्शन

सुरेंद्र पांडुरंग पाटिल के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें रेप और बिजली चोरी जैसे आरोप शामिल हैं। वह हाल ही में जमानत पर बाहर आए थे। गिरफ्तारी के बाद सुरेंद्र ने दावा किया कि ये हथियार सिर्फ सोशल मीडिया वीडियो के लिए थे लेकिन पुलिस ने इस दावे को खारिज कर दिया है। उसके खिलाफ आर्म्स ऐक्ट और महाराष्ट्र पुलिस ऐक्ट के तहत नया मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये हथियार कहां से आए और इनके पीछे क्या मकसद था।