राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा ( NEET ) को समाप्त करने की मांग को लेकर मंगलवार को चेन्नई में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान मशहूर तमिल रैपर और गीतकार अरिवु को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हालांकि, कुछ ही घंटों बाद रिहा होने के बाद उनकी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय से मुलाकात हुई। इन दोनों घटनाओं के बाद अरिवु एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं।
जानकारी के अनुसार, अरिवु ने चेन्नई स्थित सचिवालय के बाहर बिना अनुमति प्रदर्शन करने की कोशिश की। इस दौरान वह NEET खत्म करो के नारे लगा रहे थे। पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए अरिवु और उनके साथ मौजूद चार अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पुलिस उन्हें वाहन में बैठाती हुई दिखाई दे रही है, जबकि वह लगातार NEET को समाप्त करने की मांग दोहराते नजर आते हैं।
यह भी पढ़ें: सिक्किम लैंडस्लाइड में 10 मजदूरों की मौत, 15 से ज्यादा फंसे; रेस्क्यू जारी
हिरासत के बाद मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात
पुलिस की कार्रवाई के कुछ ही देर बाद अरिवु तमिलनाडु सचिवालय पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री जोसेफ विजय से मुलाकात की। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जैसे ही मुख्यमंत्री को अरिवु की हिरासत की खबर मिली उन्होंने पुलिस अधिकारियों से उन्हें अपने दफ्तर लाने के लिए कहा। हालांकि, दोनों के बीच क्या बातचीत हुई इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें: मां-बाप और बहन की जान लेने में ली AI की मदद, अब कंपनी भी फंसेगी?
तमिल फिल्म इंडस्ट्री का चर्चित नाम हैं अरिवु
अरिवु सिर्फ रैपर ही नहीं बल्कि तमिल फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर गीतकार और सिंगर भी हैं। उन्होंने अभिनेता विजय की फिल्म मास्टर के सुपरहिट गाने वाथी रेड को अपनी आवाज दी थी। इसके अलावा वह विजय की आने वाली फिल्म जना नायगन के गाने थलापति कचेरी से भी जुड़े हैं। अरिवु अपनी कला के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर बेबाकी से राय रखने के लिए भी जाने जाते हैं।
