बीते महीने 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती थी। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के मुखिया उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में चल रहे एक भंडारे में पूड़ी खाते दिखे थे। इस भंडारे का आयोजन करने वाले शख्स और उनकी बेटी अंजलि मैसी अब चर्चा का केंद्र बन गई हैं। अखिलेश यादव ने आरोप लगाए हैं कि उन्होंने इस लड़की के भंडारे में पूड़ी खा ली थी इसीलिए उन्हें परेशान किया जा रहा है। अंजलि ने बताया है कि उनके पिता का सुपरवाइजर से डिमोशन करके सफाईकर्मी बना दिया गया है। उनका आरोप है कि यह सब इसी वजह से हो रहा है कि अखिलेश ने उनके भंडारे में पूड़ी खा ली थी। 

 

पेश से शिक्षक अंजलि बुधवार को समाजवादी पार्टी के मुख्यालय पहुंची थीं और वहां उन्होंने अपनी समस्या अखिलेश यादव को बताई थी। दलित समुदाय से आने वाली अंजलि का कहना है कि ऐसी सौ नौकरियां अखिलेश पर कुर्बान हैं। बता दें कि जिस भंडारे की बात हो रही है, वह लखनऊ में ही आयोजित किया गया था। अंजलि के पिता कैंटोनमेंट बोर्ड में काम करते हैं। उस दिन अखिलेश यादव अंजलि के अनुरोध पर रुक गए थे और भंडारे में पूज़ी-सब्जी खाई थी।

 

यह भी पढ़ें: '...बाल कटाना है तो बाल कटाएंगे', अखिलेश बोले- सबकुछ पंडित जी पूछ के करेंगे

 

इस मामले पर कैंटोनमेंट बोर्ड का कहना है कि अंजलि के पिता यानी उमेश कुमार ने बिना अनुमति लिए ही भंडारे का आयोजन किया था और अधिकारियों को भी भंडारे में बुलाया था। बोर्ड के अधिकारियों ने यह भी कहा है कि उमेश मूल रूप से सफाईकर्मी ही हैं तो उन्हें सफाईकर्मी बनाना डिमोशन नहीं है। साथ ही, यह भी बताया गया है कि अनुशासनहीनता के चलते उमेश कुमार को गेट ड्यूटी से हटाकर स्कूल में भेज दिया गया है।


क्या बोले अखिलेश यादव? 

अखिलेश यादव ने एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा है, 'पीडीए समाज की एक महिला के पिता को, पुरुषवादी बीजेपी सरकार सिर्फ़ इसलिए प्रताड़ित कर रही है क्योंकि हमने ‘बाबासाहेब जी की जयंती’ पर अपनी उस छोटी बहन के यहां पूड़ी खा ली थी। इतनी निकृष्ट राजनीति तो उन अंग्रेजों ने भी नहीं की थी, जिनके लिए बीजेपी के वज़ीफ़ाजीवी वैचारिक पूर्वज संगी-साथी मुख़बिरी करते थे। इससे पहले भी हमारे चाय पीने की वजह से एक आत्मनिर्भर पीडीए चायवाले युवा को बीजेपी सरकार ने प्रताड़ित किया था। बीजेपी पीडीए विरोधी है और हमेशा रहेगी।'

 

यह भी पढ़ें: 'यूपी से ट्रेंड होकर अधिकारी गए थे', बंगाल चुनाव पर क्या बोले अखिलेश यादव

एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें अंजलि अखिलेश यादव से कह रही हैं, 'मैं एक बात कहना चाहती हूं कि मैं आपको बीजेपी की धांधलीगर्दी दिखाना चाहती हूं। आपके ऊपर ऐसी 100 नौकरियां कुर्बान हैं। मैं यह बोलना चाहती हूं। मुझे नौकरी की कोई वह नहीं है, मेरे पिताजी ने भी मुझे यही संदेश आपको देने को कहा है कि आपके ऊपर ऐसी 100 नौकरियां कुर्बान हैं।' इस पर अखिलेश यादव ने तुरंत कहा कि वह अधिकारियों से इसके बारे में बात करेंगे।

चायवाले पर गिरी थी गाज

अखिलेश यादव ने एक चायवाले का भी जिक्र किया है। यह घटना फतेहपुर में घटी थी। जिस दुकान पर अखिलेश यादव ने चाय पी थी उसकी दुकान पर खाद्य विभाग ने छापेमारी करके चालान कर दिया था और आरोप लगाए थे कि वह एल्युमिनियम के बर्तन में चाय बना रहा था। डर से दुकानदार ने दुकान ही बंद कर दी थी। मामला अखिलेश यादव तक पहुंचा तो उन्होंने उस चायवाले को लखनऊ बुलाकर सम्मानित किया और पीतल के बर्तन भी दिए थे।