हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कसोल में पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हो गई। झड़प इतनी बढ़ गई कि गोली चल गई। इसमें एक युवक को गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। झड़प करने वाले पर्यटक पंजाब के बताए जा रहे हैं, जिनमें से पुलिस ने चार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया है कि पंजाब के एक पर्यटक ने गोली चला दी, जिससे एक लोकल आदमी घायल हो गया।
बहस जल्द ही मारपीट में बदली
यह घटना शनिवार को कुल्लू जिले के कसोल में हुई। यहां पर्यटकों की भीड़ काफी ज्यादा हो गई थी। लोग आस-पास के राज्यों के मैदानी इलाकों में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी की वजह से पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। शाम करीब 6 बजे, मशहूर ग्रीन वैली होटल में किसी बात को लेकर दो ग्रुप के बीच बहस हो गई। बहस जल्द ही मारपीट में बदल गई, जिसके दौरान गोलियां चलाई गईं।
यह भी पढ़ें: दुनिया के सबसे ऊंचे शिव मंदिर जा रहे थे दो भाई, बिजली गिरने से मौत
स्थानीय के पैर में मारी गोली
बहस के दौरान पंजाब से पर्यटक ने स्थानीय के पैर में गोली मार दी। सोशल मीडिया पर आई तस्वीरों में दिखा जा सकता है कि स्थानीय आदमी होटल की पार्किंग से बाहर निकल रहा है और पर्यटक उसका पीछा कर रहे हैं।
लोग उसे उठाकर ले जाते हुए दिखाई दिए। बाद में जब उसे इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाया जा रहा था, तो गुस्साए पर्यटक ने फिर से उसका पीछा किया और गोली चलाने के लिए अपनी बंदूक फिर से लोड की। मगर, उसके साथ आए लोगों ने उसे गोली चलाने से रोक दिया।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस दफ्तर में 'मिथिला आंगन' रेस्टेरोंट खोलने वाले 'अध्यक्ष' हैं कौन?
पंजाब के रहने वाले चारों कौन हैं?
पुलिस मौके पर पहुंची और पंजाब के चार पर्यटकों को हिरासत में लिया। चारों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि चारों में से तरनतारन के रहने वाले मनप्रीत सिंह (29), अमृतसर के रहने वाले अमन रंधावा (22), फिरोजपुर के रहने वाले सुखमनदीप सिंह (17) और गुरदासपुर के रहने वाले कर्णदीप सिंह (22) के तौर पर हुई है। इस घटना में शामिल एक और आदमी, गुरदासपुर का रहने वाला तमन, अभी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। कसोल की इस घटना के बाद शहर में दहशत फैल गई है
