उत्तर प्रदेश के झांसी में किन्नरों के दो गुटों के बीच विवाद हुआ। यह विवाद बधाई लेने के क्षेत्रों के बंटवारे को लेकर हुआ था। इस विवाद के चलते एक किन्नर ने फिनाइल पी लिया, जिससे विवाद और बढ़ गया। इसके बाद कुछ किन्नरों ने सड़क जाम कर हंगामा किया। किन्नर गाड़ियों पर चढ़ गए और तालियां बजाने लगे। सड़क से गुजरने वाले लोगों के साथ मारपीट की और वहां मौजूद होमगार्ड को धक्का मार दिया। पुलिस ने किन्नरों को समझा-बुझाकर सड़क जाम खुलवा दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने 4 किन्नरों समेत एक महिला को गिरफ्तार किया।

 

यह मामला झांसी के नवाबाद का है, जहां किन्नर अभिषेक उर्फ अंशिका और दूसरे गुट की किन्नर बबली उर्फ गोलू के बीच रंजिश चल रही है। इस विवाद के चलते एक गुट ने हंगामा खड़ा किया। जानकारी के लिए बता दें कि शनिवार दोपहर को सड़क पर हंगामा किया गया। फिलहाल, इस मामले को लेकर पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है।

 

यह भी पढ़ें: झारखंड में ASI को खंभे से बांधकर पीटा, 59 लोगों के खिलाफ हुई FIR

सड़क पर किया प्रदर्शन

शनिवार को कुछ किन्नर एसएसपी कार्यालय के बाहर पहुंचे, जहां उन्होंने सड़क जाम कर दिया। सड़क से आने-जाने वाले लोगों के साथ बदसलूकी की। इसके साथ ही सड़क पर कपड़े उतारकर हंगामा किया। इसके अलावा गाड़ियों पर चढ़कर तालियां बजाईं। वहां कई लोगों ने वीडियो बनाया, जो इस वक्त सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने उत्पात मचाने वाली अभिषेक, ममता, पूजा, नैनतारा और रसियन को गिरफ्तार किया। इसके बाद मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

किन्नर ने पिया फिनाइल

नवाबाद में रहने वाले दो गुटों के बीच बधाई लेने के क्षेत्रों को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद अभिषेक उर्फ अंशिका किन्नर और दूसरे गुट की बबली उर्फ गोलू बुधवार को पुलिस थाने गए थे। वहां अभिषेक उर्फ अंशिका ने फिनाइल पी लिया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे उनके गुट के बाकी किन्नरों में आक्रोश फैल गया। इसी आक्रोश को जाहिर करते हुए अभिषेक किन्नर के गुट ने सड़क पर हंगामा किया।

 

यह भी पढ़ें: शिवा की हत्यारोपी श्रद्धा के प्यार में पहले भी 3 लड़कों ने खाया जहर, हुआ खुलासा

 

पुलिस ने मामले को शांत कराने और सड़क जाम खुलवाने के लिए किन्नरों को समझाया और थाने ले आई। इस दौरान किन्नरों ने थाना प्रभारी और एसएसपी के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद पुलिस ने 4 किन्नरों समेत एक महिला को गिरफ्तार किया।