बिहार के वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासन गांव में रविवार को जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पट्टीदारी में चले आ रहे झगड़े में भतीजे ने अपने ही चाचा और सेना के जवान चचेरे भाई पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 60 वर्षीय मुनरिक राय और उनके 35 वर्षीय बेटे जितेंद्र कुमार राय शामिल हैं। जितेंद्र भारतीय सेना में जवान थे और छुट्टी पर घर आए थे। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गांव में तनाव है और एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

घर में घुसकर बरसाई गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मुनरिक राय अपने बेटे जितेंद्र के साथ घर पर बैठे थे। इसी दौरान आरोपी भतीजा और उसके कुछ अन्य साथी हथियार के साथ घर पहुंचा और बिना कुछ बोले फायरिंग शुरू कर दी। 

 

यह भी पढ़ें: अमेरिका में गूगल की पूर्व अधिकारी को पति ने मारी गोली, मौत; बेटा भी घायल

गोलियों की आवाज सुनकर मची चीख-पुकार 

गोलियों की तड़तड़ाहट सुनते ही घर में चीख-पुकार मच गई। पिता-पुत्र को कई गोलियां लगीं। दोनों लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। स्थानीय लोग जब तक कुछ समझ पाते, आरोपी फायरिंग कर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों के सहयोग से तत्काल दोनों को सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग जमा हो गए। अफरा- तफरी का फायदा उठाकर गोली चलाने वाले सभी आरोपी भागने में सफल हो गए।

सेना का जवान था बेटा, पीछे छूटे 2 छोटे बच्चे

मृतक जितेंद्र कुमार राय भारतीय सेना में जवान थे। वे कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आए थे। गांव में सभी उन्हें मिलनसार और शांत स्वभाव का बताते हैं। जितेंद्र अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। वहीं पिता मुनरिक राय पिछले पंचायत चुनाव में मुखिया पद के प्रत्याशी भी रह चुके थे। घटना के बाद घर में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

 

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुनरिक राय और आरोपी भतीजे के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। जमीन के बंटवारे को लेकर कई बार पंचायत भी हो चुकी थी, लेकिन बात नहीं बनी। आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश में आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर आरोपी भतीजे और उसके 2-3 अन्य साथियों को नामजद किया है।

मौके पर पहुंची पुलिस, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

गोलीबारी की सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस फौरन मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार और नगर थानाध्यक्ष सिकंदर कुमार भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। एफएसएल की टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। खाली खोखे और खून के निशान को जुटाए। 

 

एसडीपीओ ने बताया कि जमीन विवाद में दोहरे हत्याकांड की घटना हुई है। आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। बहुत जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दोहरे हत्याकांड के बाद रजासन गांव में तनाव का माहौल है। दोनों पक्षों में झड़प की आशंका को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है। गांव में गश्त बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

 

यह भी पढ़ें: घर में घुसा फ्लिपकार्ट डिलीवरी एजेंट, महिला को दिखाया प्राइवेट पार्ट; गिरफ्तार

 

ग्रामीणों का कहना है कि मुनरिक राय और उनके भतीजे के परिवार में पिछले कई सालों से जमीन को लेकर विवाद था। कई बार मारपीट भी हो चुकी थी, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि बात खून-खराबे तक पहुंच जाएगी। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी पक्ष आए दिन धमकी देता था। जमीन पर कब्जा करने के लिए वह दबाव बना रहा था।

 

उसने घर में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया। परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जमीन के कागजात और पुराने विवादों के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।