कांग्रेस सांसद शशि थरूर के सुरक्षाकर्मी और ड्राइवर पर वंडूर में जानलेवा हमले की कोशिश हुई है। 5 लोगों ने गुट बनाकर हमला किया, जिसमें ड्राइवर और सुरक्षाकर्मी चोटिल हुए हैं। पुलिस ने एक शख्स को हिरासत में लिया है, दूसरों की तलाश जारी है।
वंडूर पुलिस ने बताया है कि वारदात के सिलसिले में मामला दर्ज कर लिया गया है और एक शख्स फिलहाल हिरासत में है। पुलिस ने बताया कि शशि थरूर के सुरक्षाकर्मी रतीश केपी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें: वॉशिंगटन पोस्ट में छंटनी, शशि थरूर के बेटे ईशान की गई नौकरी, विदेशी ब्यूरो बंद
हमला कब हुआ?
शिकायत में कहा गया है कि यह घटना शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे वंडूर के तिरुवाली के पास चेल्लीथोडे में हुई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना ऐसे वक्त में हुई है, जब चेल्लीथोडे पुल पर जाम था और शशि थरूर कांग्रेस नेता एपी अनिल कुमार के चुनावी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
क्या है पूरा मामला?
शशि थरूर के ड्राइवर और सिक्योरिटी गार्ड पर हमला करने वाले लोग, अलग-अलग 2 गाड़ियों में सवार थे। उन्होंने सांसद की गाड़ी को रोक दिया। सुरक्षाकर्मी उन्हें हटाने की कोशिश कर रहा था, तभी उस पर हमला किया गया।
यह भी पढ़ें: खरगे और राहुल से मिले शशि थरूर, क्या सब कुछ ठीक है? खुद ही बता दिया
कौन हैं आरोपी?
पुलिस ने बताया कि सड़क बेहद संकरी थी, सुरक्षाकर्मी ने हमलावरों से कहा था कि रफ्तार थोड़ी बढ़ा लें, जिससे काफिला निकल सके। शुक्रवार देर रात एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है, बाकी फरार आरोपी भी जल्द पकड़े जा सकते है। आरोपियों के नाम का खुलासा अभी नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें: MGNREGA का नाम बदलने की तैयारी, कांग्रेस से दूरी बना रहे शशि थरूर किस तरफ हैं?
केरल में क्या कर रहे हैं शशि थरूर?
शशि थरूर इन दिनों केरल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए कांग्रेस की ओर से प्रचार कर रहे हैं। केरल में चुनाव 9 अप्रैल को होने हैं और वोटों की गिनती 4 मई को होगी। शुक्रवार को वांडूर में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार करते हुए शशि थरूर ने कहा कि केरल को बहुमत मिले। सत्ता में वापसी होगी।
