उत्तर प्रदेश के जिला कौशांबी में महिला थाने के भीतर ड्यूटी के दौरान महिला सिपाही प्रियंका यादव की सरकारी राइफल से गोली लगने से मौत हो गई। मंगलवार सुबह हुई इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। गोली किन परिस्थितियों में चली, इसकी जांच की जा रही है। प्रियंका महिला थाना मंझनपुर में संतरी ड्यूटी पर तैनात थीं। सुबह करीब साढ़े 10 बजे वह थाने के गेट के पास ड्यूटी कर रही थीं।

 

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वह कुर्सी पर बैठने लगीं, तभी उनकी INSAS राइफल से अचानक गोली चल गई। गोली उनके गले के पास लगी और सिर की ओर से निकल गई। फायरिंग की आवाज सुनकर साथी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल प्रियंका को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

यह भी पढ़ें: अफसर ने बीमारी की बात कहकर पेशी से मांगी छूट, हाई कोर्ट ने कहा- मेडिकल कराओ

तीन महीने पहले पूरी हुई थी ट्रेनिंग

प्रियंका यादव 2025 बैच की महिला कांस्टेबल थीं और मूल रूप से गाजीपुर की रहने वाली थीं। पुलिस ट्रेनिंग पूरी करने के बाद उनकी पहली पोस्टिंग कौशांबी महिला थाने में हुई थी। उन्होंने जून के आखिरी सप्ताह में ड्यूटी ज्वाइन की थी। पुलिस अभी यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि राइफल से गोली दुर्घटनावश चली या घटना के पीछे कोई अन्य वजह थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। प्रियंका के कमरे की तलाशी में फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

CCTV और फोरेंसिक जांच

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सत्यनारायण प्रजापत, एएसपी अमिता सिंह और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और राइफल को कब्जे में लिया गया है। पुलिस थाने में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

 

यह भी पढ़ें: यूपी अल्पसंख्यक आयोग की कमान मोहसिन रजा को? 2027 से पहले BJP का बड़ा दांव

CO सदर के नेतृत्व में जांच

मामले की जांच CO सदर सौरभ सामंत के नेतृत्व में की जा रही है। पुलिस घटना के समय मौजूद कर्मचारियों के बयान, CCTV फुटेज और फोरेंसिक साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही गोली चलने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। महज कुछ महीने पहले पुलिस सेवा में कदम रखने वाली प्रियंका की ड्यूटी के दौरान मौत से परिवार और पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।