उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के फाफामऊ में एक कोल्ड स्टोरेज लगभग पूरा का पूरा ढह गया। इसकी वजह से कई मजदूर उसके अंदर दब गए हैं। कुछ मजदूरों के मरने की भी खबरे सामने आ रही हैं लेकिन अभी तक कितने लोगों की जानें गई हैं इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
जो लोग आसपास थे उनका कहना है कि दीवार गिरने से पहले तेज धमाके की आवाज सुनाई दी जिसके बाद पूरी दीवार अचानक से ढह गई। दीवार ढहने से जो धमाका हुआ उसकी आवाज सुनने के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें: गुरुग्राम में सोसायटी की दीवार गिरने से हुआ बड़ा हादसा, 7 मजदूरों की गई जान
अमोनिया लीकेज की आशंका
खबर के मुताबिक इस घटना की वजह से अमोनिया की पाइप भी फट गई है जिसकी वजह से अमोनिया लीकेज की आशंका बनी हुई है। ऐसे में आसपास दहशत का माहौल है क्योंकि अमोनिया एक विषैली गैस है जिसकी वजह से लोगों की जान भी जा सकती है। कहा जा रहा है कि जिस वक्त यह हादसा हुआ उस वक्त 20 से 50 मजदूर कोल्ड स्टोरेज के अंदर काम कर रहे थे।
रेस्क्यू का काम जारी
हालांकि, रेस्क्यू टीम मौके पर मौजूद है फिर भी अमोनिया गैसे के रिसाव के कारण उन्हें मुंह पर गमछा बांधकर यह काम करना पड़ रहा है। घायलों को स्वरूप रानी हॉस्पिटल लेकर जाया जा रहा है। इनमें से ज्यादातर की हालत नाजुक बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: प्रतापगढ़ में हादसा: पेट्रोल पंप का पोल कार में गिरा, सपा नेता की मौके पर ही मौत
खबर के मुताबिक सभी मजदूर लंच टाइम में खाना खाकर आराम कर रहे थे कि तभी दीवार ढह गई। जो लोग अंदर थे वह भाग नहीं पाए और लोग मलबे के अंदर दब गए।
हादसे को लेकर प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि करीब 8 लोगों को अस्पताल लेकर जाया गया है, रेस्क्यू कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में वास्त्विक स्थिति बिल्कुल स्पष्ट हो जाएगी कि कितने लोग घायल हुए हैं और कितने लोग सुरक्षित बाहर निकल पाए। साथ ही उन्होंने मजिस्ट्रेट से जांच करवाने की भी बात कही।
2 लाख रुपये मिलेगा मुआवजा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज के फाफामऊ में हुई घटना पर संज्ञान लिया और मृतकों के दुखी परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने घायलों के सही इलाज की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया।
