राम मंदिर में पैसे की चोरी का विवाद अब यूपी में सबसे बड़ा सियासी मुद्दा बन गया है। इसको लेकर पक्ष और विपक्ष की दोनों की तरफ से बयानबाजियां हो तेज हो रही हैं। इस बीच राम मंदिर आंदोलन के अग्रणी कार्यकर्ताओं में से एक विनय कटियार का भी बयान सामने आया है। रविवार को एक ताजा बयान में उन्होंने कहा कि 'ये जितने भी हैं न, सब चोर हैं, इनकी छुट्टी करो।'
कटियार ने कहा,'ये हल्का फुल्का मामला नहीं है। इस पर लोग बलिदान हुए हैं। हमारे जैसे लोग और कल्याण सिंह इस्तीफा दिए थे। ये सभी लोग जेल गए हैं। तब जाकर मंदिर बनना शुरू हुआ। ये वर्तमान में जितने भी हैं ना... ये सब चोर हैं। इनकी छुट्टी करो। इनकी छुट्टी कौन करेगा? विजन कटियार कल कर देंगे।'
यह भी पढ़ें: IG का दो दारोगाओं के खिलाफ एक्शन, एक दारोगा किया बर्खास्त, दूसरे को मिली सजा
'हम राम मंदिर जाएंगे'
विनय कटियार ने आगे कहा, ' कल दोपहर तक या उससे पहले इन चोरों की छुट्टी हो जाएगी। हम राम मंदिर जाएंगे। ये जितने भी चोर हैं... इनको कल राम मंदिर पहुंचकर वहां से भगा देंगे।' उन्होंने कहा कि जितने भी दोषी होंगे सभी जेल के अंदर होंगे।
15 दिन में रिपोर्ट सौंपेगी SIT
अयोध्या राम मंदिर में चंदा चोरी मामले की जांच के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने SIT का गठन किया है, जो इस पूरे प्रकरण की जांच करेगी। जांच टीम में आईएएस विजय विश्वास पंत, आईएएस नील रतन, आईपीएस किरन एस शामिल हैं। यह SIT 7 दिन में प्रारंभिक और 15 दिन में संपूर्ण रिपोर्ट देगी।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में बिहार का विजन, मखाना बोर्ड से ग्लोबल टूरिज्म हब तक का ब्लूप्रिंट
मामले में राम मंदिर के कर्मचारी लवकुश मिश्रा के घर से 10 लाख रुपए रिकवर हुए हैं। यह पैसा उसने गोबर में छिपाकर रखा हुआ था। लवकुश मिश्रा के अलावा एक और कर्मचारी से पूछताछ जारी है। इसके साथ ही चंदा चोरी मामले में चंपत राय के सहयोगी टिन्नू की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। टिन्नू पहले चंपत राय का ड्राइवर था, अब सबसे खास सहयोगी है।
