दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी इलाके में बुधवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। एक होटल और बेड एंड ब्रेकफास्ट (B&B) सुविधा के रूप में इस्तेमाल हो रही बहुमंजिला इमारत में लगी आग में 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि राहत और बचाव कार्य के दौरान 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए। मृतकों में 18 विदेशी नागरिक शामिल बताए जा रहे हैं, जिससे यह हादसा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बन गया है।
घटना के बाद दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और घंटों तक बचाव अभियान चलाया। हालांकि आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोगों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। फिलहाल मृतकों की पहचान और आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: '3 बेटियां नहीं मिल रहीं', मालवीय नगर अग्निकांड में अपनों के लिए तड़प रहे लोग
कई देशों के नागरिक बने हादसे का शिकार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में बांग्लादेश, अफगानिस्तान, नाइजीरिया, मोजाम्बिक, सोमालिया और लाइबेरिया के नागरिक शामिल हैं। बड़ी संख्या में विदेशी नागरिकों की मौत के बाद पुलिस और प्रशासन उनके परिवार वालों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही संबंधित देशों के दूतावासों को भी घटना की जानकारी दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
बचाव में जुटे 10 पुलिसकर्मी घायल
राहत और बचाव अभियान के दौरान दिल्ली पुलिस के 10 जवान घायल हो गए। इनमें कई हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार पीसीआर कॉल मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं और बिना अपनी सुरक्षा की परवाह किए लोगों को बाहर निकालने में जुट गईं। घायल कर्मियों में हेड कांस्टेबल करतार (32), हरज्ञान (40), प्रेम चंद (40), जितेंद्र (40) और दिनेश (35) और कांस्टेबल विक्रम (34), दीपक (38), रामपाल (30), संदीप (30) और रविरंजन (26) शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: देहरादून: 10 महीने तक बहू को टॉयलेट में रखा बंद, ससुराल पर केस दर्ज
आग कैसे लगी?
चश्मदीदों के बयानों और रिपोर्टों के आधार पर पहले यह आशंका जताई जा रही थी कि यह हादसा रसोई गैस सिलेंडर फटने की वजह से हुआ है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, दमकल विभाग और पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि आग लगने की असली वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट थी। फायर अधिकारियों के अनुसार, इस पांच मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर 'लेमन ग्रीन' नाम का एक रेस्तरां चल रहा था, जबकि बाकी मंजिलों का इस्तेमाल होटल के रूप में हो रहा था। आग होटल की मुख्य इमारत से ही शुरू हुई और देखते ही देखते बेसमेंट से लेकर पांचवीं मंजिल तक फैल गई।
