हरिद्वार की खानपुर विधानसभा सीट से पूर्व बीजेपी विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं। इस बार सुर्खियों में बने रहने की वजह अलग है। दरअसल, सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल है। इसमें वह एक डांसर पर पैसा लूटा रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद उनकी हर तरफ आलोचना हो रही है। चारों तरफ हो रही किरकिरी के बीच कुंवर प्रणव चैंपियन ने एक वीडियो जारी किया है। इसमें उन्होंने 24 साल पहले हुई एक क्लब पार्टी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जुबान पर लगाम दें, नहीं तो मैं सबका कच्चा चिट्ठा खोल दूंगा।
वीडियो में चैंपियन ने कहा, 'याद करों गोदियाल भाई, जब तुम पहली बार के विधायक थे। हम कांग्रेस का चुनाव प्रचार करने बंबई गई थे। मैं निर्दलीय जीतकर कांग्रेस में आया था और तुमने (गणेश गोदियाल) नवी मुंबई में बार बालाओं का डांस कराया था। अपने ऑफिस के पास तुम लेकर गए थे। हरक सिंह रावत ने बार बालाओं के साथ डांस किया था। हम तो पहलवान हैं। हमें नाचना भी नहीं आता। हम तो धर्मेंदर की तरह शो देख रहे थे। कुंवर प्रणव सिंह चरित्रवान आदमी है। हरक सिंह रावत की तरह विधानसभा में रोया नहीं था। हरक सिंह को विधानसभा में रोककर रिजाइन करना पड़ा था।'
पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और हरक सिंह रावत पर कई आरोप लगाए। चैंपियन के वीडियो पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बीजेपी और कांग्रेस विधायकों के अनुरोध पर पार्टी रखी थी। दुख होता है कि जिनके कहने पर पार्टी रखी, वही आज आरोप लगा रहे हैं।
मैं कोई सफाई नहीं देना चाहता
उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि मैंने कभी कोई ऐसा बयान नहीं दिया कि कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के जो एक्ट हैं, वह बीजेपी का चाल चरित्र और चेहरा है। एक पत्रकार ने मुझसे जरूर उनके एक वीडियो के बारे में पूछा। मैंने यह कहा कि वह राजा हैं और पहले से ही उनके उसमें यह है। उन्होंने रुपये दिया है, लिया तो नहीं है। मैंने ऐसा कुछ कहा था। मैं अपने बयान पर कोई सफाई नहीं देना चाहता।
यह भी पढ़ें: 'वरना कुंवारा मर जाऊंगा...', स्टेज पर बज रहा था गाना, दुलहन को ही मार दी गोली
गणेश गोदियाल ने बताई डांस बार वाली पूरी कहानी
गणेश गोदियाल ने आगे कहा, उन्होंने (चैंपियन) मुझे पर आरोप लगाया कि 2002 में उन्हें बंबई ले गया और एक बार में डांस कराया। यह वाकया 2002-2003 का है। बहुत पुरानी बात हो गई। 24-25 साल होने को हैं। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव था। बीजेपी और कांग्रेस के कई विधायकों की वहां चुनाव प्रचार में ड्यूटी लगी थी। संयोग यह था कि जिस फ्लाइट से हम लोग मुंबई में उतरे, उसमें बीजेपी और कांग्रेस के विधायक थे।
मैं एयरपोर्ट से अपने घर जा रहा था। मेरा वहां अपना घर था। एयरपोर्ट पर ही सभी ने हंसी मजाक में कहा कि आप यहां के बारे में अच्छी तरह से जानते हो तो आपकी तरफ से एक पार्टी होनी चाहिए। उस समय राजनीति इतनी कड़वाहट भरी नहीं थी। दिन में सब अपनी-अपनी पार्टी का प्रचार करते थे और रात में सब लोग साथ में खाना खाते थे।
गोदियाल ने आगे कहा, 'बीजेपी और कांग्रेस के विधायकों के कहने पर हमने तीन चार दिन बाद पार्टी रखी। बहुत से लोगों ने कहा कि घर पर पार्टी नहीं करते हैं। आप बाहर होटल में पार्टी दीजिए। मैंने अपने घर के नजदीक एक अच्छे होटल में पार्टी का आयोजन किया। उसमें बीजेपी और कांग्रेस के विधायक शामिल हुए थे। चैंपियन महोदय ने कहा कि मजा नहीं आया। बॉम्बे आए हैं तो नाच गाना होना चाहिए। पार्टी का मतलब पार्टी। हम तो राजा है।'
यह भी पढ़ें: कभी देखा है 72 साल का 'युवा' मंत्री, जिसके हौसले के आगे मुश्किलें घुटने टेक देती
कुछ विधायकों ने भी डांस किया
इसके बाद मैंने अपने एक मित्र को होटल पर बुलाया। जिस तरह की पार्टी सभी विधायक चाह रहे थे, मेरे मित्र ने बताया कि एक क्लब है, वहां चलते है। वहां खुला खुला है, जिसको डांस करना है, वह डांस फ्लोर पर जाकर डांस कर सकता है। जिसको खाना खाना है, वह खाना खा सकता है। जिसको पीना है, वह पी सकता है। क्लब में जाने के बाद वहां खाना-पीना हुआ। डांस फ्लोर पर कई महिला और पुरुष डांस कर रहे थे। कुछ विधायकों ने डांस भी किया, लेकिन इसमें कुछ अनैतिक नहीं था।
उन्होंने आगे कहा कि उस मीटिंग में मेरे आज के सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी महेंद्र भट्ट भी थे। उनसे ज्यादा बेहतर और कौन गवाह हो सकता है। मैं चैंपियन के बारे में कुछ कहूं और वह मेरे बारे में कुछ कहें। इससे बेहतर है कि महेंद्र भट्ट ही बताएं कि वे जो आरोप लगा रहे हैं, वह सत्य है।
