गुरुग्राम की एक सोसाइटी में महिला ने अपनी थार से एक घरेलू सहायिका को गलती से कुचल दिया। घटना के बाद वह उसे अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद महिला घरेलू सहायिका का शव अस्पताल से लाई और घटनास्थल पर छोड़कर चली गई।

 

मामला गुरुग्राम के सेक्टर 67 स्थित अंसल वर्सालिया सोसाइटी का है। आरोपी महिला इसी अपार्टमेंट के चौथी मंजिल में रहती है। हालांकि पुलिस अभी तक न गिरफ्तार किया और न ही पहचान उजागर की है। 

 

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक मृतका गुड्डी देवी (57) यूपी के महोबा जिले की रहने वाली थी और अपने परिवार के साथ गुरुग्राम के भोंडसी में रहती थी। अंसल वर्सालिया सोसाइटी में ही घरेलू सहायिका का काम करती थी। घटना मंगलवार दोपहर 2 से 2:20 बजे के बीच की है। 

 

यह भी पढ़ें: गानों को रिलीज करने के लिए बनी थी ये 3 फिल्में, अनुराधा पौडवाला ने बताया कारण

पार्किंग एरिया में सो रही थी महिला

पुलिस के मुताबिक गुड्डी देवी अपना काम निपटाने के बाद अपार्टमेंट के बेसमेंट पर बने पार्किंग एरिया में सोने चली गई। तभी एक महिला चालक ने अपनी महिंद्रा थार गाड़ी रिवर्स करते वक्त महिला पर चढ़ा दी। 

 

पुलिस के मुताबिक कार चलाने वाली महिला बेहद घबरा गई थी। उसने अपने पड़ोसियों को बुलाया और अपनी दूसरी कार से महिला को तुरंत सेक्टर 68 स्थित एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद महिला घरेलू सहायिका की लाश सोसाइटी लाई और घटनास्थल पर रखकर चली गई।

 

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी के फैसले के खिलाफ जाकर क्या चन्नी ने अपनी ही मुश्किलें बढ़ा लीं?

पुलिस ने दर्ज किया केस, थार भी की जब्त

पुलिस ने थार को जब्त कर लिया है। वहीं महिला चालक के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि परिवार ने कंट्रोल रूम को सूचना दी थी। इसके बाद सेक्टर 65 की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि थार पीड़ित की छाती पर चढ़ गई। इससे कई हड्डियां टूटीं और अंदरूनी चोट भी आई। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।