तेलंगाना के निज़ामाबाद ज़िले में एक ऐसा हत्याकांड सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। एक शादीशुदा महिला को अपने ही पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि महिला ने अपने ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मारने की साजिश रची। इसी साजिश के तहत महिला के पति को नशे की हालत में छत से धकेला गया। जब उसकी मौत नहीं हुई और वह अस्पताल में एडमिट हुआ तो महिला ने खुद ही 'टॉयलेट क्लीनर' वाला इंजेक्शन लगा दिया। अब पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी समेत कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।  

पुलिस ने सोमवार को बताया कि मृतक की मां ने 1 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई कि उन्हें 30 जून को अपने बेटे प्रशांत (35) की मौत के बारे में पता चला। उनका बेटा अरब के किसी देश में काम करता था। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उन्हें अपने बेटे के घर आने और उसकी मौत से जुड़ी घटनाओं के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने अपनी बहू संध्या पर संदेह जताते हुए कहा कि उनके बेटे की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। पुलिस ने बताया कि जब मामले की जांच की गई तो सामने आया कि संध्या (32) का अनिल (35) नाम के एक व्यक्ति के साथ अवैध संबंध था।

 

यह भी पढ़ें: गोवा में टूरिस्ट को किराए पर नहीं मिलेगी थार! ऐसा क्यों करने वाली है सरकार?

3 लोगों ने मिलकर दिया अंजाम

पुलिस की की ओर से जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, संध्या और अनिल ने प्रशांत को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी क्योंकि उन्हें लगता था कि वह उनके संबंधों में बाधा था। उन्होंने प्रशांत की हत्या की योजना को अंजाम देने के लिए वेंकट साई नाम के एक व्यक्ति की मदद ली। पुलिस के अनुसार, योजना के तहत साई 29 जून को प्रशांत के घर गया और उसे जमकर शराब पिलाई। इसके बाद वह प्रशांत को घर की छत पर ले गया। इस दौरान वह फोन पर संध्या के संपर्क में था और उसके निर्देशों के अनुसार उसे नीचे धक्का दे दिया। इसके चलते प्रशांत गंभीर रूप से घायल हो गया लेकिन उसकी मौत नहीं हुई। 

 

यह भी पढ़ें: 'सब मिलकर मोदी को तोड़ देंगे...', ऐसा क्यों बोलने लगे बदरुद्दीन अजमल?

 

प्रशांत के जिंदा बच जाने के बाद संध्या और साई उसे इलाज के लिए एक सरकारी अस्पताल ले गए। बाद में उसे एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन फिर उसे घर वापस ले आए। अनिल के उकसाने पर संध्या ने कैनुला के जरिए प्रशांत के शरीर में टॉयलेट क्लीनर और बेहोशी की दवा वाला इंजेक्शन लगा दिया। इसके बाद संध्या ने प्रशांत को चारपाई से धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।