15 अगस्त के मौके पर बहुत से लोग अपने घर पर तिरंगा फहराते हैं लेकिन क्या आपको पता है कि घर पर तिरंगा फहराने के लिए सिर्फ 15 अगस्त का दिन ही जरूरी नहीं है? भारतीय झंडा संहिता के अनुसार, आम नागरिक अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज को सभी दिनों और मौकों पर फहरा सकते हैं। यानी आप स्वतंत्रता दिवस के अलावा भी घर पर तिरंगा लगा सकते हैं। हालांकि तिरंगा फहराते समय उसकी गरिमा और सम्मान का ध्यान रखना जरूरी है।
पहले तिरंगे को लेकर लोगों के मन में यह सवाल रहता था कि इसे कब फहराया जा सकता है और कब उतारना जरूरी है। अब नियमों में बदलाव के बाद घर पर तिरंगा दिन और रात दोनों समय फहराया जा सकता है लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि तिरंगे को किसी भी तरह लगाया जा सकता है। झंडे की जगह, हालत और उसे लगाने के तरीके को लेकर कुछ नियम हैं जिन्हें हर व्यक्ति को जानना चाहिए।
यह भी पढ़ें: घर पर तिरंगा कैसे बनाएं? इन नियमों का रखें ध्यान, नहीं होगा अपमान
घर पर कब फहरा सकते हैं तिरंगा?
आम नागरिक अपने घर पर किसी भी दिन और किसी भी मौके पर राष्ट्रीय ध्वज फहरा सकते हैं। इसके लिए सिर्फ 15 अगस्त या 26 जनवरी का इंतजार करना जरूरी नहीं है। गृह मंत्रालय के अनुसार, घर पर लगाए गए तिरंगे को दिन और रात दोनों समय फहराया जा सकता है।
यह बदलाव जुलाई 2022 में भारतीय झंडा संहिता में किया गया था। इसलिए अगर आप 15 अगस्त पर सुबह घर पर तिरंगा लगाते हैं तो उसे शाम को उतारना जरूरी नहीं है। आप उसे रात में भी फहरा सकते हैं लेकिन तिरंगा साफ-सुथरा और सही हालत में होना चाहिए।
घर पर तिरंगा फहराने के ये हैं जरूरी नियम
1. तिरंगा हमेशा सही दिशा में हो
तिरंगे को उल्टा नहीं फहराना चाहिए। ऊपर केसरिया रंग, बीच में सफेद और नीचे हरा रंग होना चाहिए। तिरंगा हमेशा ऐसी जगह लगाया जाए जहां उसे सम्मान की जगह मिले।
2. तिरंगा गंदा या फटा हुआ नहीं होना चाहिए
घर पर लगाया गया तिरंगा साफ और सही हालत में होना चाहिए। अगर झंडा फट गया है, बहुत गंदा हो गया है या खराब हो गया है तो उसे फहराना नहीं चाहिए।
3. तिरंगा जमीन पर नहीं लगना चाहिए
तिरंगे को जमीन या फर्श पर गिरने नहीं देना चाहिए। इसे पानी में घसीटने देना भी सही नहीं है। इसलिए घर पर झंडा लगाते समय उसकी ऊंचाई और जगह का ध्यान रखें।
4. तिरंगे को सजावट के सामान की तरह इस्तेमाल न करें
राष्ट्रीय ध्वज को सजावट के सामान की तरह इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। यानी तिरंगे को काटकर उसकी लड़ियां, फूल या दूसरी सजावटी चीजें बनाना सही नहीं है।
यह भी पढ़ें: 15 अगस्त के बाद तिरंगा फेंकना पड़ सकता है भारी, क्या कहते हैं नियम?
5. तिरंगे पर कुछ लिखना नहीं चाहिए
राष्ट्रीय ध्वज पर नाम, मैसेज, स्लोगन या कोई दूसरी चीज नहीं लिखनी चाहिए। तिरंगे को किसी तरह से नुकसान पहुंचाने या उसका रूप बदलने से भी बचना चाहिए।
6. दूसरे झंडे के साथ लगाने पर भी नियम हैं
अगर तिरंगे के साथ कोई दूसरा झंडा लगाया जा रहा है तो राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान की जगह मिलनी चाहिए। एक ही पोल पर तिरंगे के साथ दूसरा झंडा नहीं लगाया जाना चाहिए।
7. तिरंगे को कपड़े या सजावटी सामान की तरह इस्तेमाल न करें
राष्ट्रीय ध्वज को पर्दे की तरह इस्तेमाल करना या उससे किसी सामान को ढकना सही नहीं है। कानून में तिरंगे के अपमान के कई तरीकों पर कार्रवाई का प्रावधान है।
