उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक घायल महिला की मदद करने का मामला सामने आया है। खैरीघाट थाना क्षेत्र में सड़क किनारे एक महिला घायल हालत में पड़ी थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए महिला को अपनी गोद में उठाया और इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले गए। महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज शुरू किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोग इस पर अलग-अलग तरह की बातें भी कर रहे हैं।
मामला खैरीघाट थाना क्षेत्र के थैलिया गांव के पास का है। जानकारी के मुताबिक, 55 साल की गायत्री देवी को किसी अनजान गाड़ी ने टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद वह सड़क किनारे घायल और बेसुध हालत में पड़ी थीं। इसी दौरान वहां से गुजर रहे थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने महिला को उठाया और इलाज के लिए पास के डॉक्टर शिवसरण सिंह के पास लेकर गए।
यह भी पढ़ें: बाइक रोकी तो ट्रैफिक पुलिस कर्मी से भिड़ा शख्स, फिर हुई खूब पिटाई, वीडियो वायरल
वीडियो पर उठे सवाल
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में थाना प्रभारी महिला को गोद में लेकर आगे जाते दिख रहे हैं और पीछे पुलिस की गाड़ी भी चल रही है। वीडियो सामने आने के बाद कई लोग सवाल कर रहे हैं कि जब पुलिस की गाड़ी पीछे थी तो महिला को उसमें बैठाकर अस्पताल क्यों नहीं ले जाया गया।
पोस्ट पर लोगों ने इसी बात को लेकर तरह-तरह के कमेंट किए हैं। एक यूजर ने लिखा, 'गाड़ी में जाते हुए शर्म आ रही थी क्या।” वहीं एक अन्य यूजर ने सवाल किया कि “गाड़ी होते हुए आखिर क्यों इस तरह अस्पताल ले जाना पड़ा।' कुछ लोगों ने कहा कि पीछे पुलिस की गाड़ी होने के बावजूद इंस्पेक्टर खुद महिला को गोद में लेकर क्यों जा रहे थे। वहीं एक यूजर ने इसे रील बनाने जैसा भी बताया। एक दूसरे यूजर ने कहा कि अगर पीछे गाड़ी चल रही थी तो महिला को उसी में बैठाकर ले जाना चाहिए था ताकि उन्हें जल्दी इलाज मिल सके। यानी ज्यादातर कमेंट में लोगों ने इंस्पेक्टर के इस तरीके पर सवाल उठाए हैं।
यह भी पढ़ें: UK में छत साफ करवाने पर देने पड़े 12 हजार रुपये, भारतीय महिला ने बयां किया दर्द
महिला को डॉक्टर के पास पहुंचाया
जानकारी के मुताबिक, थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने घायल महिला को पास के चिकित्सक शिवसरण सिंह के यहां पहुंचाया। डॉक्टर ने महिला का इलाज शुरू किया। पुलिस अब महिला को टक्कर मारने वाले अनजान गाड़ी की तलाश कर रही है और मामले की जांच की जा रही है।
इस घटना में एक तरफ थाना प्रभारी के महिला की मदद करने की बात सामने आई है वहीं दूसरी तरफ वीडियो में पीछे पुलिस की गाड़ी दिखाई देने के कारण सोशल मीडिया पर उनके तरीके को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
