उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में ट्रैफिक पुलिस और बाइक सवार के बीच विवाद का मामला सामने आया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में नुमाइश के पास अटल चौक की बताई जा रही है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है जिसमें मारपीट होती दिखाई दे रही है। घटना के बाद पुलिस ने बाइक सवार युवक, उसके पिता और भाई के खिलाफ कार्रवाई की है। वहीं सामने आए वीडियो में ट्रैफिक पुलिस द्वारा बाइक सवार को पीटने का दावा भी किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, अटल चौक पर ट्रैफिक कांस्टेबल यदुवेंद्र कुमार की ड्यूटी लगी थी। इसी दौरान एक बाइक सवार वहां से गुजर रहा था। ट्रैफिक पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। इसके बाद बाइक सवार आगे चला गया और थोड़ी दूरी पर एक परचून की दुकान के पास रुक गया। बताया जा रहा है कि बाइक सवार की पहचान ग्वालटोली गांव के रहने वाले पीयूष यादव के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें: UK में छत साफ करवाने पर देने पड़े 12 हजार रुपये, भारतीय महिला ने बयां किया दर्द
बाइक रोकने के बाद हुआ विवाद
ट्रैफिक पुलिस भी बाइक सवार के पीछे दुकान तक पहुंच गया। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना में ट्रैफिक पुलिस की वर्दी फट गई और उसे चोटें भी आईं। दूसरी तरफ बाइक सवार पीयूष यादव के शरीर पर भी चोट के निशान बताए गए हैं।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह मामला और चर्चा में आ गया। वीडियो में ट्रैफिक पुलिस और बाइक सवार के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। विवाद की जानकारी मिलने के बाद पीयूष यादव के पिता गजराज यादव और भाई विवेक यादव भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर सिविल लाइन चौकी प्रभारी दिनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
यह भी पढ़ें: गुरुग्राम के रेस्टोरेंट में सैंडविच के अंदर मिला जिंदा कीड़ा, वीडियो वायरल
तीन लोगों पर दर्ज हुआ केस
पुलिस ने पीयूष यादव, उसके पिता गजराज यादव और भाई विवेक यादव को हिरासत में लिया। ट्रैफिक पुलिस की शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े वीडियो और दूसरे सबूतों को भी देखा जा रहा है।
शहर के कोतवाली प्रभारी फतेह बहादुर भदौरिया ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी के साथ मारपीट को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल इस मामले में दोनों पक्षों के बीच विवाद कैसे शुरू हुआ और मारपीट की पूरी घटना किस तरह हुई इसकी जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो को लेकर भी अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।