उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के एक पुलिसकर्मी का वीडियो वायरल हो रहा है। जहां वह पुलिस रेडियो ऑपरेटर की ट्रेनिंग पूरी कर अपने गांव लौटा तो उसका भव्य स्वागत हुआ। गांव के पास ही उसका नेताओं की तरह जुलूस निकाला गया। वह खुद एक ओपन कार में सवार था। उसकी गाड़ी के आगे-पीछे कई बाइक सवार चल रहे थे। इस जुलूस की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। यूपी सोशल मीडिया पॉलिसी 2023 के तहत कोई व्यक्ति वर्दी पहनकर अपनी रील नहीं बनवा सकता। इस वीडियो को देखकर कई लोगों का कहना है कि पुलिसकर्मी ने यूपी पुलिस के नियमों का उल्लंघन किया है। इसे देखकर लोगों ने अपनी-अपनी राय दी है।
रेडियो पुलिस ऑपरेटर का नाम अजय कुमार निषाद है, जो फिरोजाबाद के गढ़ी मिश्री गांव का रहने वाला है। नौकरी लगने की खुशी में गांव में काफिले के साथ उसका स्वागत किया गया था। इस वीडियो को देखने के बाद कई लोग चौंक गए हैं। साथ ही सवाल उठा रहे हैं कि रेडियो ऑपरेटर बनने पर इतना बड़ा काफिला क्यों निकाला गया।
यह भी पढ़ें: मोनिका यादव और गौरव चौधरी ने की शादी, तस्वीरें हुईं वायरल, जानिए इनकी लव स्टोरी
वायरल वीडियो में क्या है?
वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति वर्दी में कार पर सवार है, जिसके आगे कई बाइक सवारों की लंबी कतार चल रही है। इस काफिले में कई लोग अजय के लिए हूटिंग कर रहे थे। साथ ही वायरल रील में एक गाना भी बज रहा है। माना जा रहा है कि यह जुलूस आगरा से होकर फिरोजाबाद गया था।
क्या है लोगों की राय?
संजय यादव ने कहा, 'इस बेरोजगारी के दौर में किसी को नौकरी मिल जाए तो यह पूरे गांव और जिले के लिए युद्ध जीतने जैसा होता है।'
अरविंद ने कहा, 'जब किसी गरीब किसान के बेटे को नौकरी मिलती है, तो उसका परिवार खुशी से झूम उठता है। इससे दूसरे किसानों के बेटों को भी पढ़ाई करने, कड़ी मेहनत करने और नौकरी पाने की प्रेरणा मिलेगी।'
यह भी पढ़ें: 'भारतीयों को पाकिस्तानी क्यों कह रहे हैं...', किरेन रिजीजू और अभिजीत दीपके भिड़े
तीसरे व्यक्ति अनुप ने कहा, 'लगता है कि सिपाही नहीं, भारत के राष्ट्रपति बन गए हैं।'
चौथे व्यक्ति स्वामी ने कहा, 'इस जुलूस का उसके जीवन पर कितना असर पड़ेगा, यह वह खुद नहीं जानता। 32-33 हजार रुपये की सैलरी में ऐसी हवाबाजी बनाए रखना आसान नहीं होगा। अब भाई पर्सनल लोन और साथियों से उधार के जाल में फंस जाएगा।'
