महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के उमरगा शहर में 77वें गणतंत्र दिवस (26 जनवरी 2026) के अवसर पर एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जिसने सभी को चौंका दिया। राज्य उत्पादन शुल्क विभाग (एक्साइज डिपार्टमेंट) द्वारा आयोजित झंडा फहराने के समारोह के दौरान विभाग के पीएसआई (पुलिस सब-इंस्पेक्टर) मोहन भीमा जाधव को अचानक हार्ट अटैक आ गया। इस दुखद हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
समारोह में सभी अधिकारी और कर्मचारी राष्ट्रध्वज को सलामी देने के लिए कतारबद्ध खड़े थे। इसी बीच पीएसआई मोहन जाधव को तेज चक्कर आया और वह धराशायी हो गए। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट भी लगी। मौके पर मौजूद सहकर्मियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत उन्हें उमरगा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों की पूरी कोशिश के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। प्रारंभिक रिपोर्ट्स में मौत का मुख्य कारण हार्ट अटैक ही बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ेंः मुश्किल में ठाकरे, उद्धव के चार पार्षद लापता; शिंदे चर्चा में क्यों आए?
सोशल मीडिया पर वायरल
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पल कैद हो गया है जब पीएसआई जाधव अचानक गिर पड़ते हैं और आसपास अफरा-तफरी मच जाती है। पूरा परिसर शोक में डूब गया। गणतंत्र दिवस जैसे गौरवपूर्ण अवसर पर यह अप्रत्याशित त्रासदी विभाग और स्थानीय लोगों के लिए बेहद दुखदायी साबित हुई।
यह भी पढ़ेंः उद्धव ठाकरे की लापता पार्षद की एक दिन बाद हुई वापसी, BMC में चल क्या रहा है?
मामले की जांच शुरू
पीएसआई मोहन जाधव कि छवि कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में थी। वह ड्यूटी निभाते हुए ही इस दुनिया से चले गए। विभाग और परिवार के सदस्यों में शोक की लहर है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन फिलहाल मौत को हार्ट अटैक से ही जोड़ा जा रहा है।
