उत्तराखंड के ऋषिकेश से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि हरियाणा की एक महिला पर्यटक और पुलिस के बीच तीखी बहस हो रही है। बताया जा रहा है कि महिला गंगा नदी के किनारे शराब पी रही थी, जिसे पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद मामला बढ़ गया और महिला पर्यटक ने पुलिस के सामने जमकर हाई-वोल्टेज ड्रामा किया।
घटना 6 अप्रैल की बताई जा रही है, जो नीलकंठ मार्ग पर फूल चट्टी इलाके के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, गंगा किनारे शराब पीना प्रतिबंधित है, इसलिए महिला को रोका गया था। हालांकि, महिला ने इस पर आपत्ति जताते हुए पुलिस से बहस शुरू कर दी और खुद को सही ठहराने की कोशिश की।
यह भी पढ़ें: तालाब के पानी के नीचे 5 घंटे छिपा रहा चोर, कमल की डंडी से लेता रहा सांस
वायरल वीडियो में महिला पुलिसकर्मियों से बहस करते हुए कहती नजर आ रही है कि वह अपने पैसे से शराब पी रही है और उसे रोका नहीं जाना चाहिए। इसी दौरान उसने यह भी कहा, 'तुम्हारी रोजी-रोटी हमसे चलती है,' यानी कि पर्यटक ही यहां के लोगों की कमाई का जरिया हैं। महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस जानबूझकर पर्यटकों को परेशान करती है। स्थिति तब शांत हुई जब उसके पति ने हस्तक्षेप किया और उसे वहां से ले गए।
यह भी पढ़ें: मां की बिगड़ती सेहत से थे परेशान, दोनों बेटों ने केमिकल पीकर दे दी जान
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने रिएक्शन दिया
इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कई यूजर्स ने महिला के व्यवहार की आलोचना करते हुए कहा कि किसी भी जगह घूमने जाने पर वहां की संस्कृति और नियमों का सम्मान करना जरूरी है।
यह भी पढ़ें: पटवारी करेंगे सर्वे, MCD देगी कागज, दिल्ली की कच्ची कॉलोनियों में क्या बदलेगा?
गौरतलब है कि ऋषिकेश को देश का प्रमुख धार्मिक और आध्यात्मिक स्थल माना जाता है। यहां गंगा नदी के किनारे कई क्षेत्रों में शराब और मांसाहार पर पूरी तरह प्रतिबंध है, ताकि इस पवित्र स्थान की मर्यादा बनी रहे। प्रशासन और पुलिस समय-समय पर गश्त कर इन नियमों का पालन सुनिश्चित करते हैं और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हैं।
