प्रयागराज महाकुंभ 2025 के दौरान देशभर में चर्चा में आए IIT बाबा उर्फ अभय सिंह ग्रेवाल एक बार फिर चर्चा में है। इस बार उनकी मौत को लेकर सोशल मीडिया पर खबरें फैली। अलग-अलग सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया जा रहा था कि उनकी मौत हो गई है। सोशल मीडिया के दावों के अनुसार, उनके गृह जिले हिसार के एक होटल में उनकी लाश मिली है।
सोशल मीडिया पर इन खबरों के फैलने के बाद हिसार पुलिस की प्रतिक्रिया आई है। हिसार पुलि ने इन दावों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया है कि अभय सिंह की मौत की खबर पूरी तरह भ्रामक है। पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक अलग घटना को उनके नाम से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: 1 दिसंबर से चंडीगढ़ से गोवा-बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ान, किराया, टाइमिंग सब जानिए
किसका मिला था शव?
हिसार पुलिस के सोशल मीडिया प्रभारी अमरिंदर सिंह के मुताबिक, शहर के पॉश इलाके पीएलए में करीब तीन दिन पहले राहुल जैन नाम के एक व्यक्ति का शव उनके घर से मिला था। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस घटना का महाकुंभ से प्रसिद्ध हुए IIT बाबा अभय सिंह से कोई संबंध नहीं है।
पुलिस के अनुसार, मृतक राहुल जैन हिसार के ही निवासी थे और उनके शव मिलने की घटना को सोशल मीडिया पर गलत तरीके से पेश किया गया है। इसी घटना के आधार पर कुछ पोस्ट में दावा किया जाने लगा कि IIT बाबा की मौत हो गई है। पुलिस ने इन दावों को पूरी तरह गलत बताया है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान ना देने की अपील की है।
कैसे फैली अफवाह?
इस पूरे मामले में भ्रम फैसले के पीछे एक बड़ी वजह मृतक राहुल जैन का IIT से पढ़ा होना बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 35 साल के राहुल जैन ने IIT रुड़की से पढ़ाई की थी और वह ऑनलाइन कोचिंग भी देते थे। वहीं,अभय सिंह ने IIT बॉम्बे से पढ़ाई की है। दोनों का एजुकेश बैकग्राउंड IIT से होने के कारण और दोनों का संबंध हिसार जिले से होने के कारण सोशल मीडिया पर मृतक राहुल जैन की खबर को अभय सिंह से जोड़कर शेयर किया जाने लगा। मामला सुर्खियों में आने के बाद पुलिस ने स्थिति स्पष्ट की और बताया कि मृतक अभय सिंह नहीं राहुल जैन है।
पुलिस ने लोगों से अपील की
IIT बाबा की मौत की खबर वायरल होने के बाद हिसार पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि किसी भी खबर, वीडियो या सोशल मीडिया पोस्ट को आगे शेयर न करें। पुलिस सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक जानकारी को लेकर निगरानी रख रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, किसी व्यक्ति की मौत से जुड़ी अपुष्ट खबर फैलने से लोगों में अनावश्यक भ्रम पैदा हो सकता है। ऐसे में किसी भी संवेदनशील खबर को शेयर करने से पहले उसकी पुष्टि विश्वसनीय स्रोतों या संबंधित अधिकारियों से करना जरूरी है।
यह भी पढ़ें: नीला ड्रम केस: सौरभ हत्याकांड में मुस्कान और साहिल को फांसी की सजा
महाकुंभ में हुए थे मशहूर
IIT बाबा के नाम से मशहूर अभय सिंह प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ के दौरान सुर्खियों में आए थे। IIT बॉम्बे से पढ़ाई करने के बाद आध्यात्मिक जीवन की ओर उनके रुझान ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया था। IIT बॉम्बे से पढ़ाई करने के बाद बाबा बनने तक का सफर हर कोई जानना चाहता था। इसके बाद उनके कई इंटरव्यू हुए और कई दिनों तक वह वायरल रहे। ऐसे में अब उनकी मौत की अफवाह भी लाखों लोगों तक पहुंच गई।
