सोशल मीडिया की ताकत आज पूरी दुनिया जान गई है। सोशल मीडिया के जरिए कई लोगों करोड़पति बन गए हैं। यह अब सिर्फ फोटो, वीडियो या पोस्ट शेयर करने का जरिया नहीं रह गया है बल्कि कमाई का एक अच्छा जरिया बना गया है। अगर आपके पास अच्छा कंटेंट और उसे देखने वाली ऑडियंस है, तो कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से कमाई की जा सकती है। यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर आजकल लाखों लोग कमाई कर रहे हैं लेकिन इनके अलावा फेसबुक, स्नैपचैट, एक्स और लिंक्डइन जैसे प्लेटफॉर्म भी क्रिएटर्स को कमाई के अलग-अलग मौके देते हैं। हालांकि, हर प्लेटफॉर्म के नियम और कमाई का तरीका अलग है लेकिन आप एक ही कंटेट अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर डालकर कमाई कर सकते हैं।
यूट्यूब और इंस्टाग्राम से कमाई होती है इसके बारे में तो ज्यादातर लोग जानते हैं लेकिन लोगों को इन दो प्लेटफॉर्म के अलावा अन्य विकल्पों के बारे में जानकारी नहीं है। फेसबुक पर क्रिएटर्स के लिए कंटेंट मोनेटाइजेशन के जरिए कमाई का रास्ता है। इसके लिए प्रोफेशनल मोड या फेसबुक पेज का इस्तेमाल किया जा सकता है। फेसबुक पर कमाई का एक बड़ा जरिया वीडियो और रील्स पर दिखने वाले विज्ञापन यानी एड हैं। इसके अलावा ब्रांड के साथ स्पॉन्सर्ड कंटेंट करके भी कमाई की जा सकती है।
यह भी पढ़ें: वंदे मातरम पर हिमाचल विधानसभा में हंगामा, सदन के भीतर भिड़े BJP-कांग्रेस विधायक
स्नैपचैट पर भी मिलते हैं पैसे?
स्नैपचैट युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय है। स्नैपचैट पर भी क्रिएटर्स के लिए मोनेटाइजेशन प्रोग्राम है और इसमें ज्यादा अच्छे से लोगों के साथ जुड़ा जा सकता है। इसमें पब्लिक स्टोरी और स्पॉटलाइट में एड दिखने पर योग्य क्रिएटर्स को रेवेन्यू का हिस्सा मिल सकता है। भारत भी उन देशों में शामिल है जहां इस प्रोग्रामके तहत पेआउट उपलब्ध है। मौजूदा नियमों के मुताबिक, इशके लिए कम से कम 50 हजार फॉलोअर्स, पिछले 28 दिनों में 15 हजार घंटे का व्यू टाइम और उसमें कम से कम 3 हजार घंटे स्पॉटलाइट से होना जरूरी है।
इसके साथ ही क्रिएटर की उम्र 18 साल या उससे ज्यादा होनी चाहिए और उसे स्नैप स्टार होना जरूरी है। क्रिएटर्स को स्नैपचैट खुद ई-मेल के जरिए इनवाइट करता है। इसके अलावा ब्रांड पार्टनरशिप के जरिए भी कमाई की जा सकती है। यानी किसी कंपनी के प्रोडक्ट या सर्विस को प्रमोट करके स्पॉन्सर्ड डील हासिल की जा सकती है।
एक्स से भी होती है कमाई?
एक्स पर लाखों लोग एक्टिव हैं लेकिन कुछ ही लोग इसे कमाई के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। एक्स पर क्रिएटर रेवेन्यू शेयरिंग प्रोग्राम के जरिए कमाई की जा सकती है। इसमें कमाई पोस्ट पर आने वाले योग्य यूजर्स के एंगेजमेंट से जुड़ी होती है। एक्स के नियमों के मुताबिक, प्रोग्राम में शामिल होने के लिए प्रीमियम सब्सक्रिप्शन या वेरिफाइड ऑर्गनाइजेशन से जुड़ा होना, तय ऑर्गेनिक इम्प्रेशन और कम से कम 500 योग्य फॉलोअर्स जैसी शर्तें हैं। एक्स पर क्रिएटर्स सब्सक्रिप्शन के जरिए भी अपनी ऑडियंस से कमाई कर सकते हैं। इसके अलावा ब्रांड डील और एफिलिएट लिंक के जरिए भी कमाई का रास्ता बनाया जा सकता है।
लिंक्डइन से कैसे कमाएं?
लिंक्डइन पर सीधे वीडियो देखकर पैसे मिलने वाला मॉडल नहीं है। यहां कमाई का मुख्य तरीका अपनी स्किल को ऑडियंस और ब्रांड तक पहुंचाना है। क्रिएटर लिंक्डइन न्यूजलेटर शुरू करके अपनी स्किल से जुड़ा कंटेंट लगातार लोगों तक पहुंचा सकते हैं। इससे ऑडियंस बनाकर आगे कंसल्टिंग, कोर्स, सर्विस या ब्रांड डील हासिल की जा सकती है। इसके साथ ही दूसरे ब्रांड्स की प्रमोशन भी की जा सकती है। लिंक्डइन का क्रिएटर मार्केटप्लेस भी ब्रांड और क्रिएटर्स को जोड़ने का काम करता है।
पिनटेरेस्ट से भी हो सकती है कमाई
पिनटेरेस्ट एक लोकप्रिय विजुअल डिस्कवरी और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है। यहां लोग तस्वीरें, वीडियो और नए आइडिया खोजते और सेव करते हैं। यह सीधे कंटेंट के लिए पैसे नहीं देता। कंपनी के मुताबिक यहां कमाई का तरीका अपने कंटेंट के जरिए लोगों को वेबसाइट, प्रोडक्ट या ऑनलाइन स्टोर तक लाना है। क्रिएटर्स एफिलिएट लिंक, प्रोडक्ट सेल्स और ब्रांड पार्टनरशिप के जरिए कमाई कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: खुद को CID का DSP बताकर लोगों से करता था ठगी, खुद फरार; घर से मिले हथियार
सोशल मीडिया कमाई का बढ़िया जरिया
सोशल मीडिया के उभार के साथ ही यह लोगों की कमाई का एक मुख्य जरिया भी बन गया है। कई लोग तो सोशल मीडिया पर कमाई कर करोड़पति बन गए हैं। हालांकि, सोशल मीडिया से कमाई की कोई तय रकम नहीं होती। कमाई ऑडियंस, व्यूज, एंगेजमेंट, कंटेंट की कैटेगरी, ब्रांड डील और प्लेटफॉर्म के ऊपर निर्भर करती है।
