कैब कंपनियों का टिप कल्चर कैसे बढ़ा रहा ग्राहकों की मुश्किलें?
कई ग्राहकों का कहना है कि उन्हें राइड लेने के लिए ज्यादा पैसे देने पड़ते हैं, जो तय दरों से कहीं ज्यादा होता है।

कार कैब पूलिंग ऐप। Photo Credit: ChatGPT
ओला, उबर और रैपिडो जैसी कैब कंपनियों का इस्तेमाल करने वाले लोगों की यह एक आम शिकायत है। सुबह 10 से शाम 7 बजे के बीच, पीक आवर्स में जब यात्री ऐप पर दिख रहे सामान्य किराए पर कैब बुक करते हैं तो ड्राइवर बुकिंग स्वीकार नहीं करते और कैब मिलने में काफी देरी होती है। जैसे ही ग्राहक ऐप में 'ऐड-ऑन टिप' या 'एक्स्ट्रा पैसे' जोड़ने वाले विकल्प को चुनते हैं, उन्हें तुरंत कैब मिल जाती है। इस वजह से यात्रियों को मजबूरी में तय किराए से ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ते हैं।
शनिवार या रविवार वाले दिन राइड मिलने में और मुश्किलें आती हैं। नोएडा से मयूर विहार फेज 1 जाने का किराया रैपिडो या उबर पर किराया आम दिनों में 113 से 120 के बीच में होता है। शनिवार और रविवार को यह किराया 105 से 100 के बीच में आ जाता है। जब इस दौरान बुक करें तो राइडर जल्दी राइड को मंजूर ही नहीं करते हैं। ज्यादा पैसे देने पर ही राइड एक्सेप्ट होती है।
यह भी पढ़ें: अब 5 गाड़ियों से शुरू कर सकेंगे कैब रेंटल कारोबार, क्या बदलेंगे नियम?
इस मुश्किल का हल क्या है?
सेंट्रल कस्टमर प्रोटेक्शन अथॉरिटी (CCPA) ने कैब पूलिंग ऐप 'ओला' की पेरेंट कंपनी ANI टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। ऐप में राइड बुक होने के बाद, ड्राइवर की तलाश के दौरान ग्राहकों से अलग से टिप या ऐड-ऑन के नाम पर पैसे मांग रही थी। CCPA ने इसे भ्रामक, अनुचित और खराब माना है। CCPA ने Ola को ऐसे सभी प्रॉम्प्ट, मैसेज और पहले से तय रकम वाले डिजाइन तुरंत बंद करने का निर्देश दिया है, जिनमें सफर पूरा होने से पहले तय किराए के ऊपर कोई भुगतान मांगा जाता हो। अब इस फैसले का असर दूसरी कंपनियों पर भी दिख सकता है।
ग्राहकों पर कैसे बढ़ रहा है बोझ?
कैब बुकिंग ऐप में 'Improve your chance by adding extra' जैसे मैसेज दिखाए जाते हैं। ये मैसेज तब आते हैं, जब ऐप पर राइड बुकिंग के लिए क्लिक किया जाता है और राइड की तलाश की जाती है। ठीक उसके नीचे पहले से तय रकम के कई विकल्प दिखते हैं। 20 रुपये से से लेकर 100 रुपये ज्यादा भुगतान करने का विकल्प आपके ऐप में दिखता है। इससे ग्राहक को लगता है कि ज्यादा पैसे देने पर राइड जल्दी कन्फर्म होगी। 'हो सकता है' और 'संभावना' जैसे शब्दों की वजह से ओला पर गाज गिरी, अब दूसरे ऐप पर भी यह नियम लागू हो सकता है।
यह भी पढ़ें: नोएडा-ग्रेटर नोएडा वालों की बल्ले-बल्ले! 5 नए स्टेशन के साथ एक्वा लाइन को मंजूरी
ड्राइवर इस पर क्या कहते हैं?
ज्यादतर कैब ड्राइवर इस पर सहमत नजर आए हैं कि जब ग्राहक ज्यादा उन्हें टिप देता है तो वे जल्दी राइड बुक करते हैं। इससे उन्हें ज्यादा पैसे मिलते हैं। उनकी शिकायत है कि राइड के लिए उन्हें कैब कंपनियां कम पैसे दे रही हैं, कई बार खर्च तक नहीं निकल पाता है।
Ola के आंकड़े क्या कह रहे हैं?
ओला का अपना डेटा इस दावे का समर्थन नहीं करता। 1 से 15 जून 2026 के आंकड़ों में ऐड-ऑन वाली राइड रिक्वेस्ट कम स्वीकार हुईं। दिल्ली में ऐड-ऑन वाली 38 प्रतिशत और बिना ऐड-ऑन वाली 62 प्रतिशत रिक्वेस्ट स्वीकार हुईं। बेंगलुरु में यह आंकड़ा 40 और 68 प्रतिशत रहा, जबकि मुंबई में 39 और 68 प्रतिशत। CCPA ने कहा कि ग्राहकों को यह जानकारी नहीं दी गई। उन्हें यह भी नहीं बताया गया कि सुझाई गई रकम किस आधार पर तय होती है। इसे जरूरी जानकारी छिपाना माना गया।
CCPA का कहना है कि 'टिप' वह पैसा होता है जो ग्राहक अच्छी सेवा मिलने के बाद अपनी मर्जी से देता है। अगर यह पैसा सफर शुरू होने से पहले ही मांगा जाए तो यह टिप नहीं, बल्कि एक तरह का 'एडवांस चार्ज' बन जाता है। कंपनियों ने भले ही इसका नाम बदलकर 'टिप' से 'ऐड-ऑन' कर दिया हो, लेकिन ग्राहकों से पहले ज्यादा पैसे वसूलने का उनका तरीका अभी भी वही है।
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु: सिलबट्टे से पत्नी के परिवार के 7 लोगों की हत्या, कैब ड्राइवर गिरफ्तार
किराया पहले ही तय, फिर ज्यादा क्यों चाहिए?
CCPA ने कहा कि ग्राहक पहले ही तय किराए पर राइड बुक कर चुके होते थे। इस किराए में पीक प्राइसिंग और ड्राइवर की पिकअप दूरी शामिल रहती है। इन्हीं वजहों से दोबारा पैसे मांगना अतिरिक्त प्रीमियम वसूलने जैसा माना गया है।
रकम की दर भी बढ़ती गई है। मई 2025 में यह 10 से 40 रुपये थी, जो बढ़कर 140 रुपये तक पहुंच गई। ऐप में 499 रुपये तक का भुगतान करने की छूट थी। ड्राइवर उपलब्ध हैं या नहीं, यह जानकारी प्लेटफॉर्म के पास रहती है। इसलिए ग्राहक खुद जांच नहीं कर सकते थे कि अतिरिक्त पैसे की जरूरत है या नहीं।
इस नियम पर CCPA ने क्या कहा है?
CCPA ने सफर से पहले टिप मांगने के तरीके को 'डार्क पैटर्न' और नियमों का उल्लंघन माना है। इससे यात्रियों में यह डर पैदा होता है कि ज्यादा पैसे न देने पर उन्हें कैब नहीं मिलेगी। अस्पताल, स्टेशन, एयरपोर्ट या रात के समय सफर करने वाले बुजुर्गों और मरीजों पर इसका ज्यादा बुरा असर पड़ता है। सरकार के साफ निर्देश हैं कि टिप का विकल्प केवल सफर पूरा होने के बाद ही दिखाया जा सकता है, लेकिन इसके बावजूद ओला ने इसे जारी रखा। इसी तरह की मनमानी के चलते रैपिडो पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लग चुका है, जबकि उबर और नम्मा यात्री के खिलाफ जांच जारी है। अगर किसी यात्री को ऐसी समस्या आती है तो वह राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन नंबर 1915 या ईमेल (com-ccpa@gov.in) पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | EDITORIAL POLICY | Sitemap




