जियो प्लेटफॉर्म्स ने अब शेयर मार्केट में एंट्री कर ली है। इससे पहले जियो के इनीशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) को लोगों ने हाथों हाथ लिया था और 22 गुना ज्यादा सब्सक्राइब किया था। बुधवार को इसी कंपनी के शेयर 21.36 प्रतिशत ज्यादा दाम पर लिस्ट हुए और अधिकतम 22.87 प्रतिशत तक गया। पहले ही दिन इस कंपनी के एक शेयर की कीमत अधिकतम 1375 रुपये तक पहुंच गई। इसके साथ है जियो प्लेटफॉर्म्स वैल्युएशन के हिसाब से भारत की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बन गई। रिलायंस इंडस्ट्रीज कुल 15.94 लाख करोड़ वैल्युएशन के साथ नंबर 1 पर है।
जियो और अंबानी परिवार के लिए यह IPO बेहद खास है क्योंकि इस कंपनी को मुकेश अंबानी के बेटे आकाश अंबानी संभाल रहे हैं। वही इस कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। इसे रिलायंस ग्रुप में अगली पीढ़ी की धमक माना जा रहा है। यही वजह रही कि लिस्टिंग के मौके पर पूरा अंबानी परिवार मंच पर मौजूद रहा। अपने दूसरे बेटे अनंत अंबानी के भाषण पर खुद मुकेश अंबानी भी भावुक हो गए। यह IPO ऐसे वक्त में आया है जब अंबानी दुनिया के मशहूर कारोबारी एलन मस्क के निशाने पर हैं।
यह भी पढ़ें: Microsoft ने कर्मचारियों को खुद से नौकरी छोड़ने का दिया ऑफर, क्या AI है वजह?
इस कंपनी के एक शेयर का इश्यू प्राइस 1,119 रुपये थी। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर इसने 1,358 रुपये पर कारोबार शुरू किया, जो इश्यू प्राइस से 21.36 प्रतिशत ज्यादा है। कंपनी का मार्केट वैल्युएशन 12,57,401.07 करोड़ रुपये रहा। बाद में BSE पर शेयर का दाम दिन के उच्चतम स्तर 1,375 रुपये पर पहुंच गया, जो इश्यू प्राइस से 22.87 प्रतिशत ज्यादा है। वहीं, NSE पर शेयर 22.83 प्रतिशत चढ़कर 1,374.50 रुपये पर पहुंच गया।
टॉप 3 में Jio Platforms की एंट्री
बता दें कि मार्केट वैल्युएशन के लिहाज से शीर्ष पांच कंपनियों की सूची में जियो प्लेटफॉर्म्स भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक से आगे है। रिलायंस इंडस्ट्रीज 15.94 लाख करोड़ रुपये के साथ देश की सबसे वैल्युएबल कंपनी है। जियो प्लेटफॉर्म्स के 30,213 करोड़ रुपये के IPO को 22.19 गुना ज्यादा सब्सक्रिप्शन मिला था। IPO और बड़े (एंकर) निवेशकों को शेयर आवंटन को मिलाकर कुल मांग सात लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गई थी। वहीं आवेदनों की संख्या करीब 1.39 करोड़ तक पहुंच गई थी। यह वैश्विक स्तर पर भी एक बड़ा आंकड़ा है।
यह भी पढ़ें: टाटा संस को शेयर बाजार में लाने पर जोर क्यों दे रहा RBI, समझें पूरा मामला
IPO पूरी तरह से 27 करोड़ नए शेयर का था। इसके लिए प्राइस बैंड 1,065 से 1,119 रुपये प्रति शेयर था। IPO से पहले जियो प्लेटफॉर्म्स ने 19 अक्टूबर को 212 बड़े (एंकर) निवेशकों से करीब 8,110 करोड़ रुपये जुटाए थे। पिछले हफ्ते बुधवार को आईपीओ खुलने के पहले ही दिन जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के 100 मिनट के अंदर ही पूरा सब्सक्रिप्शन मिल गया था। रिलायंस इंडस्ट्रीज की 66.4 प्रतिशत हिस्सेदारी वाली जियो प्लेटफॉर्म्स ने 21 अक्टूबर को अपना आईपीओ पेश किया था।