एलन मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट कंपनी स्टारलिंक भारत में लाइसेंस का इंतजार कर रही है। बीते दिनों एलन मस्क ने सरकार पर दबाव में आकर उनकी कंपनी को लाइसेंस ना देने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि सराकर जियो के मालिक मुकेश अंबानी के दबाव में लाइसेंस नहीं दे रहे है और उन्होंने अंबानी को प्रधानमंत्री तक कह दिया था। अब इस विवाद के बाद मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपनी स्थिति साफ कर दी है।
कंपनी ने कहा है कि वह भारत में सैटेलाइट कम्युनिकेशन के क्षेत्र में स्टारलिंक समेत सभी कंपनियों के साथ कॉम्पिटिशन से नहीं डरती और कॉम्पिटिशन का स्वागत करती है। रिलायंस ने साफ किया कि उसे मुकाबले से डर नहीं लगता और बाजार में वही कंपनी आगे बढ़ेगी, जो ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देगी। कंपनी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब भारत में स्टारलिंक की सेवाएं शुरू होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: लोगों को हिरासत में ले जाने वाली बसों का कितना किराया देती है दिल्ली पुलिस?
रिलायंस ने क्या कहा?
रिलायंस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि भारतीय कंपनियों की तरह हम भी एक ऐसे माहौल में आगे बढ़े हैं जहां नई सोच और निवेश का स्वागत किया जाता है फिर चाहे वह देश का हो या विदेश का। लेकिन यह सब नियमों और कानून के हिसाब से चलता है। बयान में लिखा, 'सरकार के नियम सबके लिए एक जैसे हैं, फिर चाहे कंपनी देसी हो या विदेशी। जियो सैटेलाइट को भी अभी तक सरकार से पूरी मंजूरी नहीं मिली है और हम भी अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।'
जियो के बारे में क्या कहा?
कंपनी ने कहा, 'हम स्टारलिंक जैसी नई कंपनियों का स्वागत करते हैं। 2016 में जब जियो शुरू हुई थी, तब उनके पास एक भी ग्राहक नहीं था और टेलीकॉम मार्केट में पहले से कई कंपनियां मौजूद थीं। फिर भी, 10 साल में जियो ने 53 करोड़ से ज्यादा ग्राहकों का भरोसा जीता और देश को सबसे सस्ता डेटा और बेहतरीन सर्विस दी। जियो हो या स्टारलिंक, हर कंपनी को भारत के कानूनों और नियमों का पालन करना ही होगा।'
यह भी पढ़ें: Live: 'लहरा दो तिरंगा' मार्च से पहले अभिजीत दीपके के बाद नेहा बोरा भी डिटेन
क्यों हुआ विवाद?
रिलायंस की ओर से यह प्रतिक्रिया एलन मस्क के सोशल मीडिया पर किए गए दावों के बाद शुरू हुए विवाद के बाद आई है। इलॉन मस्क पिछले कुछ दिनों से भारत में स्टारलिंक की शुरुआत में हो रही देरी से नाराज हैं। वह इस देरी के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं और सोशल मीडिया पर लगातार उनके खिलाफ पोस्ट कर रहे हैं। हाल ही में मस्क ने मुकेश अंबानी पर तंज कसते हुए उन्हें ‘प्राइम मिनिस्टर अंबानी’ कहा। इसके जरिए उन्होंने अंबानी को भारत का असली ताकतवर व्यक्ति बताने की कोशिश की। इस पोस्ट के बाद दोनों के बीच विवाद चर्चा में था।