प्रवर्तन निदेशालय यानी ED में काम करने के इच्छुक सरकारी अधिकारियों के लिए बड़ी खबर है। वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग के अधीन आने वाले डायरेक्टरेट ऑफ एनफोर्समेंट ने डेप्युटेशन आधार पर डिप्टी डायरेक्टर के 63 और असिस्टेंट डायरेक्टर के 114 पद, यानी कुल 177 पदों को भरने के लिए वैकेंसी सर्कुलर जारी किया है। अगर आप इन पदों के लिए इच्छुक हैं और योग्यता रखते हैं तो आप इसके लिए अप्लाई कर सकते हैं।
ईडी की ओर से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर इन पदों पर भर्ती के बारे में जानकारी दी गई। सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार, डिप्टी डायरेक्टर पद को पे लेवल-11, जबकि असिस्टेंट डायरेक्टर पद को पे लेवल -10 में रखा गया है। खास बात यह है कि ये नियुक्तियां सामान्य सीधी भर्ती के बजाय डेप्युटेशन पर होंगी। यानी पात्र अधिकारी अपने मूल विभाग या कैडर से प्रतिनियुक्ति पर ED में काम करने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें: 'फैसले का अधिकार, वरना इस्तीफा', 23वीं फांसी देने वाले जज की चिट्ठी वायरल
डेप्युटेशन क्या है?
डेप्युटेशन यानी प्रतिनियुक्ति का मतलब है किसी कर्मचारी को उसकी मूल नौकरी, कैडर या विभाग से कुछ समय के लिए किसी दूसरे विभाग, कार्यालय या संस्था में काम करने के लिए भेजना। इस दौरान कर्मचारी की मूल सेवा वहीं बनी रहती है, लेकिन वह निर्धारित समय तक दूसरे स्थान पर अपनी काम करता है। जब निर्धारित समय पूरा होता है तो कर्मचारी अपने मूल विभाग में वापस लौट सकता है।
डेप्युटेशन पर ही होती है भर्ती
अगर आप ईडी में नौकरी करने का सपना देख रहे हैं तो आपको इस सपने को पूरा करने के दो विकल्प हैं। पहला विकल्प तो यह है कि आप ईडी की भर्ती में शामिल हों यानी जो भर्ती ईडी खुद करवाती है। इसमें सिर्फ ग्रुप बी, सी और डी के लिए ही भर्ती होती है। इसके अलावा ग्रुप ए यानी सीनियर पदों के लिए डेप्युटेशन के आधार पर ही भर्ती होती है।
यह भी पढ़ें: PM मोदी के कार्यक्रम स्थल से पकड़े गए दो संदिग्ध, एक के पास बंदूक भी मिली
कौन कर सकता है अप्लाई?
इन पदों के लिए उम्मीदवार अपने विभाग के माध्यम से आवेदन करेगा। नोटिस के अनुसार, सीधे आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इसके साथ ही मूल विभाग सेवा विवरण, APAR/ACR, विजिलेंस क्लियरेंस और कैडर क्लीयरेंस भेजेगा और इसके बाद ईडी इसकी जांच करेगा। इसके बाद सेवा रिकॉर्ड और पात्रता पर आधार पर चयन किया जाएगा।