रेलवे ग्रुप डी (RRB Group D) की परीक्षा की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए एक बड़ा अपडेट सामने आया है। अगर आप भी RRB Group D की भर्ती के लिए अप्लाई करने वाले हैं तो अब आपको कुछ समय और इंतजार करना होगा। रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड ने RRB ग्रुप D भर्ती 2026 के लिए 21 जनवरी से शुरू होने वाले एप्लीकेशन प्रोसेस को पोस्टपोन यानी स्थगित कर दिया है। इस संबंध में एक आधिकारिक नोटिस भी जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड ने RRB ग्रुप D भर्ती 2026 का नया शेड्यूल भी जारी कर दिया है। इसे स्थगित क्यों किया गया है इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
इस भर्ती के लिए 27 दिसंबर 2025 को नोटिफिकेशन जारी किया गया था। इस नोटिफिकेशन में करीब 22,000 वैकेंसी पर भर्ती करने के बारे में कहा गया था। रेलवे के विभिन्न जोन्स और विभागों में इन पदों को भरा जाना था। इस भर्ती के लिए योग्य उम्मीदवारों को 21 जनवरी 2026 से ऑनलाइन एप्लीकेशन फॉर्म भरने का मौका दिया गया था। पुराने नोटिफिकेशन के अनुसार, इस भर्ती के लिए फॉर्म भरने की लास्ट डेट 20 फरवरी 2026 थी लेकिन अब इसमें बदलाव कर दिया गया है।
रेलवे ने शेड्यूल को बदलने के संबंध में एक नोटिफिकेश भी जारी किया है। इस नोटिफिकेश के अनुसार, इच्छुक उम्मीदवार अब 31 जनवरी से आवेदन कर सकेंगे और अप्लाई करने की लास्ट डेट 2 मार्च 2026 है। अगर आप इस भर्ती के लिए तैयारी कर रहे हैं तो आपको इस निर्धारित समय सीमा में अप्लाई करना होगा। इस भर्ती के लिए लास्ट रजिस्ट्रेशन 2 मार्च 2026 को रात 11:59 बजे तक ही किए जा सकेंगे। आपको लास्ट समय में कोई दिक्कत ना हो इसलिए शुरुआती दिनों में ही इस भर्ती के लिए अप्लाई कर दें।
उम्मीदवारों को दी सलाह
रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे अप्लाई करने से पहले अपने आधार डिटेल्स को अपडेट रखें। आधार कार्ड पर नाम और जन्मतिथि, क्लास 10 के सर्टिफिकेट में दी गई डिटेल्स से बिल्कुल मेल खानी चाहिए। अगर 10वीं के सर्टिफिकेट और आधार कार्ड में नाम या अन्य डिटेल्स मैच नहीं करती तो आपका फॉर्म रिजेक्ट हो सकता है। इसलिए फॉर्म भरने से पहले ही यह सारी डिटेल्स चेक कर लें।
इसके साथ ही उम्मीदवारों को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे भर्ती के समय किसी भी परेशानी से बचने के लिए आधार में अपनी लेटेस्ट फोटो और बायोमेट्रिक जानकारी, जैसे फिंगरप्रिंट और आइरिस स्कैन, को अपडेट करें। इसके लिए आप अपने नजदीकी आधार सेवा केंद्र पर जा सकते हैं।
इस भर्ती के लिए अभी तक बोर्ड ने शैक्षणिक योग्यताओं की जानकारी नहीं दी है। इस भर्ती के लिए 18 से 33 साल की उम्र के युवा अप्लाई कर सकते हैं। OBC उम्मीदवारों को अधिकतम उम्र सीमा में तीन साल कीछूट मिलती है, जबकि SC और ST कैटेगरी के उम्मीदवारों को पांच साल की छूट दी जाती है।