• PRAYAGRAJ 22 Jan 2026, (अपडेटेड 22 Jan 2026, 4:16 PM IST)postD
उत्तर प्रदेश में UPESSC ने टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है। इस शेड्यूल के अनुसार UPTET की परीक्षा जुलाई 2026 में आयोजित की जाएगी।
उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से टीचर एलिजिबिलिटी (TET) की राह देख रहे युवाओं का इंतजार अब खत्म हो गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा चयन आयोग (UPESSC), प्रयागराज ने 2026 की भर्ती परीक्षाओं का एग्जाम कैलेंडर जारी किया है, जिसमें उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP TET) की एग्जाम डेट भी शामिल है। 4 साल बाद यह परीक्षा जुलाई 2026 में आयोजित की जाएगी। सरकारी टीचर बनने के लिए यह परीक्षा बहुत अहम है।
UPESSC ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी किया है। एग्जाम कैलेंडर के अनुसार, UP TET की परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई, 2026 को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवार अब कैलेंडर में दिए गए शेड्यूल के हिसाब से अपनी तैयारी कर सकते हैं। यह परीक्षा उन सभी युवाओं के लिए बहुत जरूरी है जो टीचर की नौकरी करना चाहते हैं।
उत्तर प्रदेश में युवा लंबे समय से UPTET की परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं। इससे पहले यह परीक्षा 23 जनवरी 2022 को आयोजित किया गया था। इसके बाद, यह परीक्षा 2025 में होनी थी लेकिन अलग-अलग कारणों से यह बार-बार टलती रही। युवा लगातार इस परीक्षा को आयोजिक करवाने की मांग कर रहे थे।
पिछले साल भी इस परीक्षा को करवाने की कोशिश की गई थी। UPESSC के चेयरमैन प्रशांत कुमार ने घोषणा की थी कि UPTET परीक्षा 29 जनवरी और 30 जनवरी को आयोजित की जाएगी। हालांकि, उस समय भी इस परीक्षा को प्रशासनिक दिक्कतों के कारण टाल दिया गया था।
सुप्रीम कोर्ट ने उन शिक्षकों के लिए भी TET परीक्षा पास करना जरूरी कर दिया है जो बिना TET पास किए सेवा दे रहे हैं। इस संबंध में साल 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने एक आदेश भी जारी किया था। ऐसे कई शिक्षकों को को अब अपनी नौकरी जारी रखने के लिए TET पास करना होगा। इसलिए कई सेवारत शिक्षक भी UPTET की परीक्षा में बैठ सकते हैं।
अन्य भर्तियों का शेड्यूल
UP TET 2026 के साथ-साथ, आयोग ने कई अन्य भर्तियों का शेड्यूल भी जारी किया है। इसमें असिस्टेंट प्रोफेसर, PGT और TGT सहित कई अन्य भर्ती परीक्षाएं शामिल हैं। नोटिस में इन भर्तियों की परीक्षा का पूरा टाइमटेबल जारी किया गया है। इन परीक्षाओं में शामिल होने वाले उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in से आधिकारिक परीक्षा कैलेंडर डाउनलोड कर सकते हैं और उसके बाद टाइटेबल के हिसाब से अपनी तैयारी कर सकते हैं। भर्ती कैलेंडर जारी करने की मांग युवा लंबे समय से कर रहे थे और इसके लिए सोशल मीडिया पर मुखर होकर आवाज भी उठा रहे थे।