असम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाला NDA लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की तैयारी में दिख रहा है। राज्य की 126 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रहे 722 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला अब EVM खुलने के साथ ही होगा। 4 मई को 35 जिलों के 40 काउंटिंग सेंटरों पर वोटों की गिनती होगी। इससे एक दिन पहले ही असम BJP दफ्तर में जश्न की तैयारी शुरू हो गई है। वहां रेड कारपेट तक बिछा दिया गया है। इसका वीडियो भी सामने आया है।
आपको बता दें कि राज्य में 9 अप्रैल को मतदान हुआ था, जिसमें रिकॉर्ड 85.96% वोटिंग दर्ज की गई। उम्मीदवारों की बात करें तो कांग्रेस ने सबसे ज्यादा 99 प्रत्याशी उतारे हैं, जबकि BJP ने 90 उम्मीदवार मैदान में उतारे। AIUDF के 30, NDA सहयोगी AGP के 26 और BPF के 11 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं विपक्षी गठबंधन में राइजोर दल ने 13, असम जातीय परिषद ने 10, CPI(M) ने 3 और ऑल पार्टी हिल लीडर्स कॉन्फ्रेंस ने 2 सीटों पर चुनाव लड़ा है।
यह भी पढ़ें: असम में हिमंता या कांग्रेस किसकी बनेगी सरकार? जानें कब-कहां देखें लाइव रिजल्ट
असम BJP मुख्यालय में बिछे रेड कारपेट
न्यूज एजेंसी ANI ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि असम BJP मुख्यालय में काउंटिंग डे को लेकर जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। वहां रेड कारपेट बिछाए जा रहे हैं, बड़ा स्टेज तैयार किया जा रहा है और नेताओं के बैनर भी लगाए जा रहे हैं। इस बार माना जा रहा है कि BJP जीत की हैट्रिक लगा सकती है। एग्जिट पोल भी कुछ ऐसे ही संकेत दे रहे हैं। इसी वजह से पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और सभी काउंटिंग वाले दिन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
काउंटिंग सेंटर पर CAPF की 25 कंपनियां तैनात
काउंटिंग के दिन असम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। काउंटिंग सेंटर और स्ट्रॉन्ग रूम (जहां ईवीएम रखी गई हैं) की सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 25 कंपनियां तैनात हैं, जिनमें हर कंपनी में करीब 100 जवान हैं। इसके अलावा 2 कंपनियां रिजर्व में रखी गई हैं और राज्य पुलिस की 93 कंपनियां भी अलग-अलग जिलों में तैनात की गई हैं। इस चुनाव में कई बड़े चेहरे मैदान में हैं, जिनमें मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई, विधानसभा स्पीकर बिस्वजीत दैमारी और राइजोर दल के प्रमुख व सांसद अखिल गोगोई शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु की इन 6 हॉट सीटों पर सबकी निगाह, तय होगा दिग्गजों का सियासी भविष्य
असम एग्जिट पोल 2026
असम के एग्जिट पोल में सभी एजेंसियां NDA की साफ जीत दिखा रही हैं। हर सर्वे में NDA को बहुमत मिलता नजर आ रहा है। अगर आंकड़ों की बात करें तो एक्सिस माई इंडिया ने NDA को 88-100 सीटें दी हैं, जबकि कांग्रेस गठबंधन को 24-36 सीटें मिलती दिख रही हैं और अन्य को 0-3 सीटें जा सकती हैं। पोल डायरी के मुताबिक NDA को 86-101 सीटें और कांग्रेस गठबंधन को 15-26 सीटें मिल सकती हैं।
वहीं पी-मार्क के एग्जिट पोल में NDA को 82-94 सीटें, कांग्रेस गठबंधन को 30-40 सीटें और अन्य को 1-5 सीटें दी गई हैं। मैट्रिज ने भी NDA को मजबूत स्थिति में दिखाया है, जहां उसे 85-95 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस गठबंधन 25-32 सीटों पर सिमट सकता है और अन्य के खाते में 6-12 सीटें जा सकती हैं।
यह भी पढ़ें: अगर बंगाल जीती BJP तो सुवेंदु अधिकारी CM, क्यों लगाई जा रही हैं ऐसी अटकलें?
जेवीसी एग्जिट पोल भी NDA की बढ़त दिखा रहा है, जिसमें उसे 88-101 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस गठबंधन को 23-33 सीटें और अन्य को 2-5 सीटें मिल सकती हैं। पीपुल्स पल्स ने NDA को थोड़ा कम लेकिन फिर भी बहुमत के साथ 68-72 सीटें दी हैं, जबकि कांग्रेस गठबंधन को 22-26 सीटें और अन्य को करीब 5 सीटें मिल सकती हैं। जनमत पोल्स के अनुसार NDA को 87-98 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस गठबंधन को 29-30 सीटें मिलने का अनुमान है। कुल मिलाकर, हर एग्जिट पोल में NDA को स्पष्ट बढ़त और सरकार बनाते हुए दिखाया गया है।