logo

ट्रेंडिंग:

दिनारा विधानसभा: क्या दोबारा जीतेगी RJD या JDU करेगी खेला?

दिनारा विधानसभा सीट पर पिछले विधानसभा चुनाव में पहली बार आरजेडी जीती। उससे पहले यहां जेडीयू का दबदबा रहा है। 2005 में एक बार बीएसपी ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। मगर अब दिनारा में मौजूदा विधायक के खिलाफ हवा है।

Dinara Vidhan Sabha.

दिनारा विधानसभा। ( Photo Credit: Khabargaon)

रोहतास जिले की दिनारा विधानसभा लोकसभा चुनाव में बक्सर संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है। यह विधानसभा सीट सोन नदी के किनारे स्थित है। जिला मुख्यालय से इसकी दूरी करीब 40 किमी है। इसके आसपास कैमूर की पहाड़ियां हैं। लघु उद्योग के अलावा यहां कोई रोजगार का अन्य बड़ा साधन नहीं है। अधिकांश लोगों का जीवन यापन खेती-किसानी से चलता है। रोजगार की तलाश में लोगों को अन्य प्रदेशों का रुख करना पड़ता है। ग्रामीण इलाकों में बिजली-पानी और सड़क जैसी समस्याएं आम हैं। 

 

हाल ही में सड़क न बनने से खफा ग्रामीणों ने आरजेडी विधायक विजय कुमार मंडल का घेर लिया था। लोगों ने विधायक को वादा याद दिलाया। मामला यही नहीं रुका। ग्रामीणों ने आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव से मुलाकात करके विधायक के खिलाफ शिकायत दी। अब आशंका जताई जा रही है कि विजय कुमार मंडल का टिकट कट सकता है।

 

यह भी पढ़ें: करगहर विधानसभा: क्या कांग्रेस से JDU छीन पाएगी अपनी 2 बार की जीती सीट?

मौजूदा समीकरण

दिनारा विधानसभा क्षेत्र की 95.17 फीसद आबादी ग्रामीण इलाकों में रहती है। सिर्फ 4.83 प्रतिशत मतदाता शहरी हैं। यहां अनुसूचित जाति के मतदाताओं की संख्या 17.69 फीसद है। वहीं अनुसूचित जनजाति के वोटर्स एक फीसद से भी कम हैं। उनकी हिस्सेदारी महज 0.29 प्रतिशत है। दिनारा में मुस्लिम वोटर्स की हिस्सेदारी 6.8 फीसद है। यादव वोटर्स सिर्फ 1 फीसद है। एक अनुमान के मुताबिक दिनारा में करीब 45 फीसद ओबीसी मतदाता हैं। सामान्य वर्ग में भूमिहारों का दबदबा है। उनकी हिस्सेदारी 25 फीसद है। 

2020 चुनाव का रिजल्ट

पिछले चुनाव में कुल 19 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने विजय कुमार मंडल को अपना प्रत्याशी बनाया। जेडीयू ने दो बार के विधायक जय कुमार सिंह पर भरोसा जताया। मगर जब चुनाव नतीजे आए तो सभी हैरत में पड़ गए। जय कुमार सिंह तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें 27,252 वोट मिले। विजय कुमार मंडल को कुल 59,541 वोट मिले। दूसरे स्थान पर रहे लोक जनशक्ति पार्टी के प्रत्याशी राजेंद्र प्रसाद सिंह को कुल 51,313 वोट मिले। उन्हें विजय कुमार मंडल के सामने 8,228 मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। 

मौजूदा विधायक का परिचय

पिछले चुनाव में आरजेडी नेता विजय कुमार मंडल के सामने जेडीयू के कद्दावर नेता जय कुमार सिंह टिक नहीं सके। मुख्य मुकाबला विजय कुमार मंडल और एलजेपी नेता राजेंद्र सिंह के बीच रहा। 2020 के चुनावी हलफनामे के मुताबिक दिनारा के मौजूदा विधायक विजय कुमार मंडल ने आरा के वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री हासिल की है। उनके पास दो करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति और कोई कर्ज नहीं है। खेती और सामाजिक कार्य को अपना पेशा बता रखा है। उनके खिलाफ चार आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।

 

यह भी पढ़ें: सासाराम विधानसभा: RJD और BJP में कांटे की टक्कर, अबकी कौन मारेगा बाजी?

विधानसभा सीट का इतिहास

दिनारा विधानसभा सीट पर समाजवादी दलों का हमेशा ही दबदबा रहा। पहले चुनाव में कांग्रेस जीती लेकिन दूसरे और तीसरे चुनाव में जनता ने प्रजा सोशलिस्ट पार्टी का साथ दिया। 1969 में दूसरी बार कांग्रेस जीती। कुल 16 विधानसभा चुनाव में से सिर्फ 5 बार ही कांग्रेस को अपना विधायक बनाने का मौका मिला। नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू चार बार जीती। प्रजा सोशलिस्ट पार्टी और जनता दल को दो-दो बार कामयाबी मिली। संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी, जनता पार्टी, बीएसपी और आरजेडी को एक-एक बार मौका मिला। दिनारा विधानसभा सीट पर बीजेपी अभी तक नहीं जीती है। रामधानी सिंह चार, राम आशीष सिंह तीन और लक्ष्मण राय व जय कुमार सिंह सिंह दो-दो बार विधायक रह चुके हैं।

 

दिनारा विधानसभा: कब-कौन जीता
वर्ष विजेता दल
1952 रामानंद उपाध्याय कांग्रेस
1957 राम आशीष सिंह प्रजा सोशलिस्ट पार्टी
1962 राम आशीष सिंह प्रजा सोशलिस्ट पार्टी
1967 राम आशीष सिंह संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी
1969 रामानंद प्रसाद सिंह कांग्रेस
1972 राम नारायण साह कांग्रेस
1977 श्योपूजन सिंह जनता पार्टी
1980  लक्ष्मण राय कांग्रेस
1985 लक्ष्मण राय कांग्रेस
1990 रामधनी सिंह जनता दल
1995 रामधनी सिंह  जनता दल
2000 रामधनी सिंह  जेडीयू
2005 (फरवरी) रामधनी सिंह जेडीयू
2005 (नवंबर)  सीता सुंदरी देवी बीएसपी
2010 जय कुमार सिंह जेडीयू
2015 जय कुमार सिंह जेडीयू
2020 विजय कुमार मंडल

आरजेडी

 

 

 

  

 

  

 

 

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap