बिहार में पहले चरण के मतदान के बीच लखीसराय में माहौल तनावपूर्ण रहा। डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के काफिले पर पथराव के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधानस पार्षद (MLC) के साथ बहस का मामला सामने आया है। डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा और एमएलसी अजय कुमार के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया। वीडियो में दिख रहा है कि अजय कुमार अपनी गाड़ी पर सवार हैं, जबकि विजय सिन्हा उनकी कार के सामने खड़े हैं।
अजय कुमार ने विजय सिन्हा पर अपराधी होने का आरोप लगाया और कहा कि वह वोटर्स को डराने धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। विजय सिन्हा ने पलटवार करते हुए अजय कुमार को शराबी कहा। अजय कुमार ने डिप्टी सीएम विजय सिन्हा पर गाड़ी घेरने का आरोप लगाया। दूसरी तरफ विजय सिन्हा ने उन पर दारू पीकर गुंडागर्दी का आरोप जड़ा। अजय कुमार ने कहा कि यह चुनाव हारने की बौखलाहट है। उन्होंने पैसा बांटने और बूथ कब्जे का इल्जाम लगाया।
यह भी पढ़ें: बिहार LIVE: पहले फेज की वोटिंग जारी, अब तक 60.13 प्रतिशत मतदान
अजय ने कहा कि डिप्टी सीएम को इतनी जनता लेकर जाने का अधिकार है। विजय सिन्हा ने कहा कि शराबबंदी में राजद एमएलसी दारू पीकर गुंडई कर रहा है। इसकी जांच की जाए। उन्होंने दावा किया कि अजय कुमार का मुंह महक रहा है। जवाब में अजय ने कहा कि जांच करवाने वाले आप कौन होते हैं? झूठ बोलना इनका काम है। विजय सिन्हा ने आरोप लगाया कि अजय कुमार ने महुआ की शराब पी रखी है। उन्होंने कहा कि राजद के गुंडों को हम ठीक कर देंगे।
यह भी पढ़ें: पथराव के बाद भड़के डिप्टी CM विजय सिन्हा, कहा- छाती पर बुलडोजर चलेगा
लखीसराय में ही गुरुवार को डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के काफिले पर पथराव का मामला सामने आया। उन्होंने आरजेडी समर्थकों पर आरोप लगाया। सिन्हा ने जिला प्रशासन पर निशाना साधा और कहा कि मामले को चुनाव आयोग के सामने उठाएंगे। इस बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बिहार के डीजीपी को मामले में तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। विजय सिन्हा ने लखीसराय के एसपी को कायर और कमजोर बताया। वहीं एसपी का कहना है कि मुझे टूटी सड़कों को लेकर कुछ विरोध प्रदर्शनों की खबरें मिली हैं, लेकिन मैं घटनास्थल का दौरा करने के बाद ही बता पाऊंगा कि मामला क्या है?
सुबह से ही राजद समर्थक अति पिछड़े वर्ग के मतदाताओं को धमका रहे हैं। स्थानीय एसपी कायर हैं। वे कहते हैं कि चारों ओर शांति है, जबकि सच्चाई यह है कि लोगों को वोट नहीं डालने दिया जा रहा है। विजय सिन्हा, डिप्टी सीएम, बिहार।
डिप्टी सीएम के आरोप पर आरजेडी ने क्या कहा?
विजय सिन्हा के आरोप पर राजद ने प्रतिक्रिया दी। पार्टी शक्ति यादव ने कहा, 'वह झूठे हैं। उन्हें जेड प्लस सुरक्षा मिली है। राज्य में उनकी पार्टी ही सत्ता में है और प्रशासन को नियंत्रित करती है। फिर भी वे झूठे आरोप लगा रहे हैं? स्थानीय लोगों ने टूटे नाले पर सवाल उठाए थे।