पश्चिम बंगाल में करीब 14 साल बाद बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। 2026 के विधानसभा चुनाव में इस बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जबरदस्त जीत हासिल कर ली है और पूरा बहुमत लेकर सत्ता में आ रही है। इस चुनाव में सबसे बड़ा झटका मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लगा, जिन्हें भवानीपुर सीट से हार का सामना करना पड़ा। अब हार के बाद ममता बनर्जी ने अपने आगे के प्लान को लेकर भी बात की है। उन्होंने कहा है कि अब उन्हें कुछ नया काम करना पड़ेगा।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे 4 मई को सामने आए। इस बार चुनाव में BJP ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 207 सीटों पर जीत हासिल की। वहीं ममता बनर्जी की TMC को 80 सीटों पर ही जीत मिल पाई। इसके अलावा कांग्रेस और हुमायुन कबीर की पार्टी AJUP को 2-2 सीटें मिलीं। वहीं CPI(M) और AISF के खाते में 1-1 सीट आई।
यह भी पढ़ें: '5 करोड़ नहीं दिए तो टिकट नहीं मिला', TMC के हारते ही मनोज तिवारी ने लगाए आरोप
ममता बनर्जी का बयान
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने फ्यूचर प्लान के बारे में बात करते हुए कहा, 'अब मैं एकदम आजाद हूं, जैसे खुला पंछी। मैंने अपनी पूरी जिंदगी लोगों की सेवा में लगा दी। इन 15 सालों में मैंने न तो एक पैसा पेंशन लिया और न ही कभी सैलरी ली। अब मैं फ्री हूं, तो कुछ काम करूंगी, वह मैं खुद मैनेज कर लूंगी और हमारी पार्टी भी देख लेगी।'
ममता बनर्जी ने किया INDIA गठबंधन का जिक्र
ममता बनर्जी ने अपने बयान की शुरुआत में कहा, 'मुझे सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, उद्धव ठाकरे, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और हेमंत सोरेन का फोन आया। INDIA गठबंधन के सभी सहयोगियों ने मुझसे कहा कि वे पूरी तरह मेरे साथ हैं। मुझे लगता है कि आने वाले दिनों में हमारी एकजुटता और मजबूत होगी।'
यह भी पढ़ें: 'TMC जैसा मत बनो, हम नहीं बचाएंगे', तोड़फोड़ करने वालों को सुकांत ने दी नसीहत
उन्होंने आगे कहा, 'अखिलेश ने मुझसे पूछा कि क्या वह आज ही आ सकते हैं लेकिन मैंने उनसे कहा कि कल आएं तो अखिलेश कल आएंगे। धीरे-धीरे सब लोग आएंगे। मेरा टारगेट बिल्कुल साफ है मैं INDIA टीम को मजबूत करूंगी, एक आम कार्यकर्ता की तरह। अब मेरे पास कोई पद नहीं है, इसलिए मैं एक आम इंसान हूं। अब कोई नहीं कह सकता कि मैं किसी कुर्सी का इस्तेमाल कर रही हूं।'
भवानीपुर सीट हारी ममता बनर्जी
सुवेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को 15,105 वोटों के अंतर से हराया। सुवेंदु को 73,917 वोट मिले जबकि ममता बनर्जी को 58,812 वोट मिले। इससे पहले, 2021 में, अधिकारी ने नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को 1,956 वोटों से हराया था। उस समय सुवेंदु को 1,10,764 वोट मिले थे, जबकि ममता बनर्जी को 1,08,808 वोट मिले थे।