logo

मूड

'राहुल की बात सुनतीं तो...', संजय राउत ने बताया ममता को जीत क्यों नहीं मिली?

संजय राउत ने मंगलवार को कहा कि ममता बनर्जी ने समय पर अगर राहुल गांधी की बात सुनी होती तो आज बंगाल के परिणाम कुछ और ही होते।

Sanjay Raut

संजय राउत। Photo Credit- PTI

शेयर करें

google_follow_us

शिवसेना (उबाठा) सांसद संजय राउत ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम बंगाल की निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बात नहीं सुनकर और उनसे गठबंधन के संबंध में बातचीत ना करके बड़ी गलती की है। उन्होंने कहा कि अगर ममता ने राहुल गांधी से बात की होती तो बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे कुछ और होते।

 

बीजेपी ने 294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 207 सीटें जीतकर ऐतिहासिक बहुमत हासिल किया है। इसी के साथ ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के 15 साल के शासन का अंत हो गया। ममता बनर्जी खुद अपनी पारंपरिक सीट भवानीपुर से हार गईं। उन्हें बीजेपी के शुभेंदु अधिकारी ने हराया है। 

 

यह भी पढ़ें: हार के बावजूद ममता का इस्तीफा देने से इनकार, क्या बर्खास्त होंगी? नियम समझिए

राहुल गांधी ने उठाया वोट चोरी का मुद्दा

बता दें कि बंगाल के रिजल्ट आने के बाद राहुल गांधी ने दावा किया है कि लोकसभा चुनाव के दौरान कम से कम 100 सीटों पर ‘वोट चोरी’ हुई थी। इसी वजह से बीजेपी को सत्ता मिल सकी थी। उन्होंने कर्नाटक, मध्य प्रदेश और हरियाणा में भी इसी तरह की वोट चोरी का आरोप लगाया है।

संजय राउत ने क्या कहा?

संजय राउत ने कहा कि ममता बनर्जी को राहुल की बात सुननी चाहिए थी और उनसे इस बारे में बात करनी चाहिए थी कि बीजेपी को बंगाल की सत्ता में आने से कैसे रोका जाए। राउत ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत लोकतंत्र की जीत नहीं है, क्योंकि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के जरिए लाखों वोटरों के नाम हटा दिए गए। 

 

 

 

 

राउत ने कहा, 'राहुल गांधी बार-बार वोट चोरी के बारे में बात करते रहे हैं। यह ममता दीदी की बहुत बड़ी गलती थी कि उन्होंने उनकी बात नहीं सुनी। अगर ममता दीदी ने राहुल गांधी के साथ बैठकर बात की होती, तो नतीजे अलग होते।'

 

यह भी पढ़ें: 'सैलरी, पेंशन के पैसे नहीं लिए, अब कोई काम करना पड़ेगा', हार के बाद बोलीं ममता

दूरदर्शी नेता हैं राहुल गांधी- राउत

शिवसेना सांसद ने कहा कि विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन जैसे प्रमुख विपक्षी नेताओं की हार के बावजूद, विपक्षी इंडिया गठबंधन का भविष्य उज्ज्वल है। उन्होंने कहा, 'लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जो कुछ भी कहा था (पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के चुनावों में धांधली के बारे में), वह सच साबित हुआ। वह एक दूरदर्शी नेता हैं।'

 

उन्होंने यह भी कहा कि इंदिरा गांधी ने भी एक समय अधिकांश राज्यों में जीत हासिल की थी, फिर भी उन्हें बाद में करारी हार का सामना करना पड़ा। राउत ने कहा कि भाजपा भी इस समय शिखर पर है और भविष्य में उसे भी हार का सामना करना पड़ेगा।


और पढ़ें