चुनाव के नतीजों की भविष्यवाणी के लिए जानी जाने वाली एजेंसी 'एक्सिस माय इंडिया' ने इस बार पश्चिम बंगाल के Exit Polls जारी न करने का बड़ा फैसला लिया है। ऐसे में लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि आखिर ऐसा क्यों किया गया। अब एजेंसी ने एक प्रेस रिलीज जारी करके इसके पीछे की वजह साफ की है।
एजेंसी के संस्थापक प्रदीप गुप्ता का कहना है कि इस बार डर का माहौल और सही सैंपलिंग न हो पाना इसकी बड़ी वजह है। उनका कहना है कि जब बड़ी संख्या में लोग अपनी राय खुलकर बताने से बचते हैं, तो सर्वे के नतीजे गलत या एकतरफा हो सकते हैं। ऐसे में सही तस्वीर सामने लाना मुश्किल हो जाता है।
यह भी पढ़ें: एक दिन बाद आए Exit Poll में पलटा पासा, बंगाल में इस पार्टी को प्रचंड बहुमत
बंगाल में Exit Poll क्यों नहीं जारी किया?
प्रदीप गुप्ता के मुताबिक, करीब 70% वोटर्स ने सर्वे में हिस्सा लेने से ही मना कर दिया। यानी ज्यादातर लोग वोट देने के बाद अपनी राय बताने के लिए तैयार ही नहीं थे। ऐसे में जो डेटा मिला, वो बहुत कम था और उस पर भरोसा करना मुश्किल हो गया। बयान में बताया गया कि टीम के 80 सर्वेयर ने 294 सीटों पर जाकर करीब 13,250 लोगों से बात करने की कोशिश की। ज्यादातर लोग जवाब देने से बचते नजर आए, तो आंकड़े सही तस्वीर नहीं दिखा पा रहे थे।
यह भी पढ़ें: 'BJP दफ्तर से आए हैं Exit Polls', रुझानों पर भड़कीं ममता बनर्जी
NDTV को दिए इंटरव्यू में गुप्ता ने 'डर का माहौल' होने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि जब 70-80% लोग बात करने के लिए तैयार ही नहीं हैं तो सैंपलिंग का तरीका ठीक से काम नहीं कर सकता। इसलिए ऐसी स्थिति में Exit Poll जारी न करना ही बेहतर समझा गया।
बाकी एजेंसियों के अलग-अलग अनुमान
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के एग्जिट पोल के नतीजों में अलग-अलग एजेंसियों के आंकड़ों में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। मैट्रिज के अनुसार TMC को 125-140 सीटें, BJP को 146-161 और अन्य को 6-10 सीटें मिल सकती हैं। वहीं चाणक्य स्ट्रेटीज ने TMC को 130-140, BJP को 150-160 और अन्य को 0-5 सीटें दी हैं। पीपुल्स पल्स का अनुमान इससे बिल्कुल अलग है, जिसमें TMC को 177-187 सीटें और BJP को 95-110 सीटें मिलती दिख रही हैं, जबकि अन्य के खाते में 1-4 सीटें जा सकती हैं।
यह भी पढ़ें: 2021 में कितने सही साबित हुए Exit Polls? चौंका देगी इनकी सच्चाई
दूसरी ओर, पोल डायरी के मुताबिक TMC को 99-127, BJP को 142-171 और अन्य को 5-9 सीटें मिलने का अनुमान है। प्रजा पोल ने BJP को बड़ी बढ़त देते हुए 178-208 सीटें दी हैं, जबकि TMC को 85-110 और अन्य को 0-5 सीटें मिल सकती हैं। पी मार्क के एग्जिट पोल में TMC को 118-138, BJP को 150-175 और अन्य को कोई सीट नहीं दी गई है। वहीं जनमत पोल्स के अनुसार TMC को 195-205 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है, जबकि BJP 80-90 और अन्य 1-4 सीटों पर सिमट सकती है। सभी एजेंसियों के औसत में BJP को 145, TMC को 142 और अन्य को 7 सीटें मिलती नजर आ रही हैं, जिससे मुकाबला बेहद करीबी दिख रहा है।