'शोले' में गब्बर सिंह का रोल निभाने वाले अमजद खान आज भी लोगों को याद है। 80 और 90 के दशक में उन्होंने कई फिल्मों में नेगेटिव और सपोर्टिंग रोल प्ले किया था। 1992 में उनकी हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। वह अपने पीछे अपनी पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए थे। अब उनके सबसे बड़े बेटे शादाब खान ने अपने लेटेस्ट इंटरव्यू में बताया कि पिता के निधन के समय उनकी उम्र 18 साल थी। उन्होंने बताया कि वह लंबे समय तक अपने पिता की मौत के लिए खुद को जिम्मेदार मानते रहे थे क्योंकि उन्हें लाइफ सेविंग इंजेक्शन लाने में कुछ सेकेंड के लिए देरी हो गई थी।
विक्की लालवानी को दिए इंटरव्यू में शादाब ने पिता के निधन के दिन को याद करते हुए कहा, 'मैं घर पर नहीं था। मैं करीब 8 बजे घर पर वापस आया और मुझे बताया कि पापा उठ नहीं रहे हैं, जाओ उन्हें उठाओ। एक दिन पहले उनकी मीटिंग थी। वह बहुत थके हुए थे और आराम कर रहे थे। वह दोपहर में एक बार उठे थे और फिर दोबारा सो गए थे। मेरी मां ने कहा कि देखो क्यों नहीं उठे रहे हैं। जब मैंने देखा तो वह ठंडे पड़े थे।'
यह भी पढ़ें: 'जब तक पत्नी से नहीं होगा तलाक ऐक्टिंग नहीं करूंगा', रवि मोहन का छलका दर्द
शादाब बोले- 'पिता के निधन से टूट गया था'
इसके तुरंत बाद फैमिली डॉक्टर को बुलाया गया और उन्होंने बताया, 'उन्हें हार्ट अटैक आया है। उस समय डॉक्टर ने मुझे कोई इंजेक्शन लाने को कहा था। मैं लेकर आए और उन्होंने कहा तुम कुछ सेकेंड से लेट हो गए। इसे सुनने के बाद मैंने गुस्से में डॉक्टर को मारा, घर के सभी बर्तन तोड़ दिए। अपने हाथ को दीवार पर मारा। पापा के करीबी दोस्त के साथ बदसलूकी की। मेरे जीवन का वह सबसे मुश्किल पल था।'
सलीम खान ने की मदद
उन्होंने कहा, 'मुझे याद है कि पिता के निधन के बाद घर में अफरा तफरी थी। लोग आ-जा रहे थे। अंतिम विदाई की रस्में हो रही थी। मेरी मां उस समय कुछ समझ नहीं पा रही थीं। मैं उस समय सिर्फ 18 साल का था और मेरे भाई-बहन भी छोटे थे। उस समय हर रस्म के लिए एक आदमी अपने जेब से पैसे दे रहा था वह सलीम साहब थे। वह बिना किसी को बताएं पैसे दे रहे थे। मैं यह सब देख रहा था।'
यह भी पढ़ें: 'घूमघूम कर मछली खाई, शपथ ग्रहण से मछली गायब', शेखर सुमन का बीजेपी पर तंज
प्रोड्यूसर ने नहीं दिए फिल्मों के बकाया पैसे
शादाब ने बताया, 'पिता के निधन के बाद परिवार को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा। उनके पिता के कुछ प्रोड्यूसर ने आज तक पैसे नहीं दिए जिनके लिए उन्होंने काम किया था। उस समय वह जिन फिल्मों में काम कर रहे थे तब कुछ प्रोड्यूसर का कहना था कि अभी फिल्म पूरी होने दो। कुछ का कहना था बाद में देंगे लेकिन आज तक नहीं मिला। उनके 1.27 करोड़ रुपये बकाया थे। कुछ तो ऐसे थे जिन्होंने पैसे होने के बावजूद उनकी मौत के बाद भी बकाया पैसे नहीं दिए।'