दिग्गज अभिनेता राकेश बेदी इन दिनों आदित्य धर की मेगा-ब्लॉकबस्टर 'धुरंधर 2' की वजह से चर्चा के केंद्र में हैं। राकेश बेदी अपने किरदार 'जमील जमाली' के कारण हर तरफ छाए हुए हैं लेकिन यह उनका पहला अभिनय नहीं है जिसने लोगों का दिल जीता हो। राकेश बेदी ने बताया कि जमील जमाली से पहले फिल्म 'एक दूजे के लिए' में उनके निभाए गए किरदार 'चक्रवर्ती' को भी लोगों का खूब स्नेह मिला था। उस समय सोशल मीडिया का दौर नहीं था, इस वजह से चक्रवर्ती का किरदार ट्रेंड नहीं हो पाया।
धुरंधर 2 के 805 करोड़ रुपये से अधिक के भारतीय बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के बीच राकेश बेदी के अभिनय को फिल्म की जान बताया जा रहा है। कई दर्शकों और समीक्षकों का मानना है कि इस फिल्म ने उनके करियर को नई ऊंचाई दी है। इस पर राकेश बेदी ने कहा, 'पहले फिल्म 'एक दूजे के लिए' में मेरे किरदार चक्रवर्ती को भी अपार लोकप्रियता मिली थी। हालांकि, उस समय सोशल मीडिया का दौर नहीं था, इसलिए लोग इतने जागरूक नहीं थे। जमील जमाली जैसे किरदार के फेमस होने पर जीवन में बदलाव जरूर आता है, लेकिन मैं इसे जरूरत से ज्यादा धूमधाम से मनाने से बचता हूं।'
यह भी पढ़ें: हर दिन हो रही बंपर कमाई, 'धुरंधर 2' ने अभी तक कितने करोड़ जुटा लिए?
सोशल मीडिया की वजह से मिली लोकप्रियता
आज के दौर में रील्स और मीम्स के कारण 'जमील जमाली' का किरदार युवाओं के बीच वायरल हो गया है, जिससे उन्हें रातों-रात ग्लोबल फेम मिला है। राकेश बेदी ने याद दिलाया कि उनकी प्रतिभा आज की मोहताज नहीं है। उन्होंने कमल हासन की कालजयी फिल्म 'एक दूजे के लिए' (1981) का जिक्र किया। यह फिल्म उस दौर में आई थी जब न इंटरनेट था और न सोशल मीडिया, फिर भी इसने पूरे भारत में तहलका मचा दिया था।
इस फिल्म में राकेश बेदी ने कमल हासन के दोस्त 'चक्रवर्ती' की भूमिका निभाई थी। उनकी कॉमिक टाइमिंग और मासूमियत ने तब भी दर्शकों का दिल जीत लिया था। राकेश बेदी का कहना है कि 'चक्रवर्ती' और 'जमील जमाली' के बीच का सफर उनकी अभिनय क्षमता के विस्तार को दर्शाता है।
यह भी पढ़ें: 'बिग बॉस' के बाद 'द 50' भी जीते शिव ठाकरे, कितने पैसे मिलेंगे?
जमील जमाली किरदार की तैयारी
राकेश बेदी ने 'धुरंधर 2' में अपने किरदार की तैयारी को लेकर कहा,'धुरंधर में अपने किरदार के लिए मैंने पाकिस्तानी नेताओं के बोलने के तरीके, उनकी बॉडी लैंग्वेज और उनके अंदाज को समझने की कोशिश की थी। मैंने बस इसी पर थोड़ा काम किया। जमील जमाली एक हास्य किरदार है लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कोई स्टैंड-अप कॉमेडियन उसे बखूबी निभा सकता है। वह एक बिल्कुल अलग कैटेगरी है।'