बॉलीवुड में ऐसे कई सितारे हैं जिन्होंने अपने काम से इंडस्ट्री में नाम बनाया है। पॉपुलर अभिनेता कंवरजीत पेंटल उर्फ पेंटल ने फिल्मों और टीवी में अपनी दमदार ऐक्टिंग से इंडस्ट्री में अपना नाम बनाया है। उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह खुद को नॉन ऐक्टर बता रहे हैं।
पेंटल के इस वीडियो को अभिनेता मनमीत सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। वेटरन अभिनेता के इस वीडियो को देखने के बाद फैंस को बहुत दुख पहुंचा है। लोग इस वीडियो पर गुस्सा जाहिर कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: कौन हैं जूही भट्ट जिनके संग रणवीर अल्लाहबादिया ने शेयर की फोटो
कंवरजीत ने खुद को बताया 'नॉन ऐक्टर'
वीडियो में मनमीत ने पेंटल से पूछा कि क्या वह ऐक्टर हैं? पेंटल ने जवाब दिया, 'नहीं मैं ऐक्टर नहीं हूं।' फिर मनमीत ने आगे कहा वह तो कई फिल्मों में दिख चुके हैं, फिर उन्होंने ऐसा क्यों कहा? इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा, 'इंस्टाग्राम पर मेरे फॉलोअर्स नहीं हैं। इसलिए मैं ऐक्टर नहीं हूं।'
मनमीत ने पेंटल से पूछा कि जिन लोगों के फॉलोअर्स नहीं होते है क्या वह ऐक्टर नहीं है? पेंटल ने कहा, 'बिल्कुल नहीं। ऐक्टिंग करने की कोई जरूरत नहीं है। आप बस अपने फॉलोअर्स बढ़ाएं।' कंवरजीत पेंटल का यह वीडियो 2 साल पुराना है। इस वीडियो पर लोग अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि क्या फॉलोअर्स देखकर ही फिल्मों में काम मिलता है। पेंटल की ईमानदारी की लोग तारीफ कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 'क्योंकि सास...' में हुई अंश की वापसी, शो में नए ट्विस्ट को देखकर भड़के लोग
350 से ज्यादा फिल्मों में कर चुके हैं काम
पेंटल 70 के दशक से इंडस्ट्री में ऐक्टिव हैं। उन्होंने 350 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। उनके काम को पहचान 'बावर्ची' और 'दोस्ताना' जैसी फिल्मों से मिली थी। उन्होंने 50 से ज्यादा टीवी शोज में किया है। 'महाभारत' में उन्हें शिखण्डी और सुदामा के रोल के लिए जाना जाता है।