कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक और उनकी पत्नी कश्मीरा शाह साथ में 'लाफ्टर शेफ 3' में साथ नजर आते हैं। इस शो को दर्शक खूब पसंद करते हैं। शो में सेलेब्स मजाक-मस्ती करते हुए खाना बनाते हैं। शो पर पहली बार गोविंदा की पत्नी सुनीता अहूजा पहुंचीं। शो का प्रोमो सामने आया है। इस प्रोमो में कृष्णा और कश्मीरा मामी सुनीता को देखकर हैरान हो जाते हैं। सुनीता और कृष्णा के बीच में सालों से बातचीत बंद थी। कृष्णा अपनी मामी को देखकर नेशनल टेलिविजन पर उनके पैरो में गिर जाते हैं। कश्मीरा भी मामी को देखकर इमोशनल हो जाती हैं और रोने लगती हैं।
कृष्णा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो पर यूजर्स जमकर रिएक्शन दे रहे हैं। एक व्यक्ति ने लिखा, 'यह तो कमाल हो गया, गोविंदा जी को भी आना चाहिए था।' दूसरे व्यक्ति ने लिखा, 'कृष्णा के लिए बहुत खुश हूं।' तीसरे व्यक्ति ने लिखा, 'कृष्णा का इंतजार खत्म हो गया।'
इससे पहली तीनों को साथ में फोटोग्राफर्स से बातचीत करते हुए देखा गया था। सुनीता ने कहा था, '14 साल का वनवास खत्म हुआ है आज।' यह सुनकर कृष्णा हंसने लगते हैं। वहीं कश्मीरा कहती हैं, 'अब किसी और का शुरू होगा।' इस पर सुनीता ने जवाब दिया किस किस की जलेगी भगवान ही जाने।
कृष्णा ने कहा, 'यह बहुत बड़ा सरप्राइज था। हम में से किसी को भी नहीं पता था कि वह आने वाली है। शुक्रिया उन्होंने आने के लिए हां कह दिया। इसी के साथ मीडिया में आज तक जो भी बातें आई है। उन पर पूर्ण विराम लगता है।'
कृष्णा ने नेशनल टेलीविजन पर अपने मामा गोविंदा को लेकर जोक किया था। यह मजाक सुनीता को पसंद नहीं आया था जिसके बाद दोनों के रिश्ते में दूरियां आ गई थी। दोनों ने एक-दूसरे पर कई आरोप भी लगाए थे। 2024 में सुनीता कपिल के शो पर इसलिए नहीं गई थी क्योंकि वहां पर कृष्णा भी थे। जब गोविंदा को पैर में गोली लगी थी तो कृष्णा उन्हें देखने अस्पताल गए थे।