चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव को अंतरिम जमानत मिल गई है। दिल्ली हाई कोर्ट की जस्टिस स्वर्णकांत शर्मा की बेंच ने एक लाख रुपये की जमानत राशि पर यह जमानत दी है। इसके पहले कोर्ट ने उन्हें जमानत देने से मान कर दिया था। उन्होंने 19 फरवरी को अपनी भतीजी की शादी में शाहजहांपुर जाकर शामिल होने के लिए जमानत मांगी थी।
जमानत की शर्तों के मुताबिक राजपाल यादव को अपना पासपोर्ट सरेंडर करना होगा ताकि वह किसी भी दशा में देश से बाहर न जा सकें। अगली सुनवाई 18 मार्च को होनी है। कोर्ट ने आदेश दिया कि वह या तो खुद कोर्ट में मौजूद रहें या फिर अगर ऐसा संभव न हो तो वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में हाजिर हों। अब जमानत मिलने के बाद राजपाल यादव जेल से बाहर आ सकेंगे। राजपाल यादव ने इसके लिए डेढ़ करोड़ रुपये कोर्ट में जमा करवाए हैं।
यह भी पढ़ें: चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव को हाई कोर्ट से मिली अंतरिम जमानत
क्या था मामला?
राजपाल यादव ने मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से साल 2010 में फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए 5 करोड़ रुपये उधार लिए थे। हालांकि, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बिल्कुल फ्लॉप साबित हुई। कोर्ट ने पहले राजपाल यादव की जमानत एक बार खारिज कर दी थी। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप होने के बाद राजपाल उस रकम को लौटा नहीं पाए, जिसके कारण कोर्ट केस चल पड़ा।
2018 में, उन्हें और उनकी पत्नी राधा को मजिस्ट्रेट कोर्ट ने दोषी ठहराया और छह महीने की साधारण कैद की सजा सुनाई। इस सजा को 2019 की शुरुआत में सेशन्स कोर्ट ने भी बरकरार रखा। राजपाल यादव ने बाद में हाई कोर्ट में अपील की। जून 2024 में, दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें अस्थायी राहत देते हुए सजा पर रोक लगाई और राजपाल को निर्देश दिया कि वह बकाया राशि चुकाने के लिए की 'ईमानदारी' से कोशिश करें।
फरवरी में किया सरेंडर
इस साल 2 फरवरी को कोर्ट ने राजपाल को सरेंडर करने का आदेश दिया। कहा जा रहा था कि राजपाल ने बार-बार कोर्ट के सामने शिकायतकर्ता को पैसे देने के अपने वादे को तोड़ा है। उन्होंने 5 फरवरी को कोर्ट के सामने सरेंडर किया और बकाया राशि चुकाने में असमर्थता जताई। इसके बाद उन्हें तिहाड़ जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें: क्या थी राजपाल यादव की वह फिल्म जिसके लिए थे करोड़ों रुपये का कर्ज?
बॉलीवुड से सबसे पहले सोनू सूद ने उनका साथ दिया। उन्होंने राजपाल को अपनी अगली फिल्म में साइन किया और एक राशि साइनिंग बोनस के रूप में दी, साथ ही इंडस्ट्री के अन्य लोगों से भी ऐसा करने की अपील की। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉयीज (FWICE) ने भी अपने सभी सदस्यों से राजपाल यादव का समर्थन करने की अपील की। साथ ही सलमान खान और अजय देवगन सहित कई बॉलीवुड सितारों ने भी उनके परिवार से संपर्क किया। राजपाल के मैनेजर ने कहा है कि उन्होंने कुल पैसे का का आधा हिस्सा चुका दिया है और बाकी का पैसा भी जल्द चुकाने की कोशिश करेंगे।