दिल्ली और मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए एक्ट्रेस सोनी राजदान ने पटाखे न जलाने की अपील की। उन्होंने बताया कि वायु प्रदूषण के कारण बच्चे पहले ही परेशानियों से जूझ रहे हैं। ऐसे में दिवाली पर पटाखे जलाकर प्रदूषण बढ़ाना सही नहीं है। इसके साथ ही सोनी राजदान ने सवाल उठाया कि बढ़ते प्रदूषण के खामियाजा देखने के बाद भी अगर कोई व्यक्ति पटाखे जलाना जायज मानता है, तो वह व्यक्ति देशहित के खिलाफ है। सोनी राजदान से पहले दिया मिर्जा ने भी दिवाली पर पटाखे न जलाने की अपील की थी।
सोनी राजदान का सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हो रहा है। इससे पहले दिया मिर्जा की अपील को लेकर विवाद हुआ था। उनके वीडियो पर बीजेपी नेताओं ने आपत्ति जताई थी। नेताओं ने जाहिर किया था कि त्योहार मनाने के तरीके पर सीख नहीं देनी चाहिए। यह विवाद अभी पूरी तरह खत्म भी नहीं हुआ था कि सोनी राजदान ने पटाखों को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर की थी।
यह भी पढ़ें: काबिल फिल्म के निर्देशक संजय गुप्ता का हुआ निधन, इंडस्ट्री में शोक का माहौल
क्या बोलीं सोनी राजदान?
सोनी राजदान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा,'कई माता-पिता बताते हैं कि वायु प्रदूषण की वजह से उनके बच्चों को परेशानी झेलनी पड़ती है। प्रदूषण के कारण बच्चों की बार-बार तबीयत बिगड़ जाती है, जिस वजह से उनकी पढ़ाई पर असर पड़ता है। कई दिनों तक बच्चे स्कूल नहीं जा पाते हैं।'
View on Instagram
इसके बाद सोनी राजदान ने लिखा,'अगर ऐसी स्थिति में भी आप मुझसे कहेंगे कि दिवाली पर पटाखे जलाना सही है, तो मेरी नजर में आप लोगों की सेहत के खिलाफ, जीवन के खिलाफ और देशहित के खिलाफ हैं।'
यह भी पढ़ें: 'मुझे अभी तक घी भी नहीं मिला', KBC को लेकर सैफ अली खान ने क्यों ली चुटकी?
दिया मिर्जा के वीडियो पर क्यों मचा विवाद?
दिया मिर्जा ने वीडियो में लोगों से दिवाली पर पटाखे न जलाने की अपील की थी। यह वीडियो बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने बनवाया था, ताकि समाज में जागरूकता फैले। महानगरपालिका के इस कदम पर बीजेपी के नेताओं और मुंबई की मेयर ऋतु ने सवाल उठाए थे। नेताओं का कहना था कि दिया मिर्जा को दिवाली मनाने के तरीके पर सीख देने की जरूरत नहीं है। इसके बाद बीएमसी ने वीडियो हटा दिया। जब मामला बॉम्बे हाई कोर्ट पहुंचा, तो कोर्ट के जज ने वीडियो को दोबारा अपलोड करने का निर्देश दिया।