logo

मूड

ट्रेंडिंग:

वाशु भगनानी ने टिप्स पर किया 400 करोड़ रुपये का केस, रुक सकती है नई फिल्म

गानों के राइट्स को लेकर वाशु भगनानी ने टिप्स कंपनी और डेविड धवन पर केस किया है। इस कानूनी विवाद के चक्कर में वरुण धवन की नई फिल्म की रिलीज भी रुक सकती है।

Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai Movie Poster

फिल्म पोस्टर। (Photo Credit: Social Media)

वाशु भगनानी की कंपनी पूजा एंटरटेनमेंट ने टिप्स कंपनी, रमेश तौरानी, कुमार एस तौरानी और फिल्म निर्माता डेविड धवन के खिलाफ 400 करोड़ रुपये का केस दर्ज कराया है। यह केस बॉम्बे हाई कोर्ट में दाखिल किया गया है। आरोप है कि डेविड धवन की आने वाली नई फिल्म 'हाय जवानी तो इश्क होना है' में वाशु भगनानी की 1999 की मशहूर फिल्म बीवी नंबर 1 के दो सुपरहिट गानों का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है।

 

पूजा एंटरटेनमेंट ने कोर्ट से मांग की है कि इस फिल्म की रिलीज इसके गानों और प्रमोशन की सभी चीजों पर तुरंत रोक लगा दी जाए ताकि ये गाने कहीं भी दिखाए या सुनाए न जा सकें। इस पूरे विवाद की मुख्य वजह 'चुनरी चुनरी' और 'इश्क सोना है' गानों का इस्तेमाल करने से जुड़ा है।

 

वाशु भगनानी के वकील ने इस बारे में बताया है कि टिप्स कंपनी के साथ पैसों और गानों के हक की बात बहुत दिनों से नहीं सुलझ पा रही थी। पुराने समय में फिल्मों के गानों का सौदा समझौतों के हिसाब से होता था। उस समय टिप्स कंपनी के साथ जो समझौता हुआ था उसमें उन्हें सिर्फ ऑडियो राइट्स यानी गाना सुनाने का हक मिला था।

 

साल 2018 में टिप्स कंपनी ने ईमेल भेजकर इन गानों के विजुअल राइट्स यानी वीडियो के अधिकार मांगे थे। वाशु भगनानी ने उस ईमेल का जवाब तो दिया था लेकिन दोनों कंपनियों के बीच वीडियो राइट्स को लेकर कोई समझौता नहीं हो पाया था।

 

यह भी पढ़ें: 'अपने मां-बाप को जज बनाकर दिखाओ...', सुनील पाल ने समय रैना को दिया चैलेंज

कोर्ट में सबूत दिखाने की चुनौती

अब पूजा एंटरटेनमेंट ने टिप्स कंपनी को एक नोटिस भेज दिया है। इस नोटिस के जरिए उन्होंने गानों के जो पुराने ऑडियो राइट्स टिप्स को दिए थे, उन्हें भी पूरी तरह से खत्म कर दिया है। इसका मतलब है कि टिप्स कंपनी अब नई फिल्म में इन गानों को बिल्कुल भी इस्तेमाल नहीं कर सकती। वकील ने साफ कहा है कि अगर टिप्स कंपनी खुद को इन गानों का असली मालिक बताती है तो वह अदालत में अपने कागज दिखाए। उनका कहना है कि सच सबके सामने जरूर आएगा और उन्हें इंसाफ मिलेगा।

100 करोड़ का एक्स्ट्रा जुर्माना मांगा

पूजा एंटरटेनमेंट का कहना है कि डेविड धवन की नई फिल्म में 'बीवी नंबर 1' के दो गाने इस्तेमाल हो रहे हैं और मेकर्स के पास इसका कोई हक नहीं है, इसलिए इन गानों को फिल्म और इसके विज्ञापनों से तुरंत हटाया जाए। फिल्म का नाम भी 'इश्क सोना है' गाने की लाइन से ही बनाया गया है, इसलिए पूजा एंटरटेनमेंट ने मांग की है कि फिल्म का नाम भी बदला जाए। इसके साथ ही उन्होंने यह भी साफ कर दिया है कि अगर टिप्स और डेविड धवन उनकी बात नहीं मानते हैं तो उन्हें नुकसान के बदले 100 करोड़ रुपये का अलग से और जुर्माना देना होगा।

 

यह भी पढ़ें: तृषा कृष्णन की फिल्म, CM विजय ने स्पेशल परमिशन दी, फिर भी नहीं हो पाई स्क्रीनिंग

आरोपों पर टिप्स कंपनी का जवाब

दूसरी तरफ टिप्स कंपनी के रमेश तौरानी का कहना है कि इन गानों के म्यूजिक और ऑडियो के सभी अधिकार उनकी ही कंपनी के पास हैं। उन्होंने एक बयान जारी करके वाशु भगनानी के सभी आरोपों को पूरी तरह से गलत और बेबुनियाद बताया है। इस फिल्म के डायरेक्टर डेविड धवन हैं और इसमें वरुण धवन, पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर मुख्य किरदारों में नजर आने वाले हैं। यह फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।


और पढ़ें