वरुण धवन की फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। साथ ही इस फिल्म के गाने को लेकर एक विवाद भी शुरू हो गया है। निर्माता वासु भगनानी ने फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' के प्रोड्यूसर रमेश तौरानी पर उनकी फिल्म के गाने को चुराने का आरोप लगाया है। फिल्म के ट्रेलर लॉन्च पर रमेश तौरानी ने कहा था कि सभी लीगल मामलों पर समझौता हो गया है।
अब इस दावे का वासु भगानी ने खंडन किया है। उन्होंने अपना एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वह कह रहे हैं, 'मेरी बहुत बड़ी फिल्म बीवी नंबर 1 के गाने को चुराया गया है। मैं साफ बात कर रहा हूं कि मैंने इस गाने के विजुअल राइट्स किसी को अभी तक नहीं दिए हैं। यह मामला अभी कोर्ट में चल रहा है।'
यह भी पढ़ें: कांस में ऐश्वर्या राय का लुक वायरल क्यों? ड्रेस की हर बात जानिए
वासु भगनानी का फूटा रमेश तौरानी पर गुस्सा
उन्होंने आगे कहा, 'मैंने सुबह में ट्रेलर लॉन्च का वीडियो देखा जिसमें पब्लिक में बताया जा रहा है कि हमने बात कर ली है। हमारे पास सभी राइट्स हैं। आपके ने किससे बात की है? मैं इस गाने का मालिक हूं। मुझे किसी ने कॉल नहीं किया , न व्हाट्सएप पर, भावनात्मक न ही कानूनी तौर पर किसी ने हमसे बात नहीं की। किसी ने मुझे कॉल नहीं किया। मुझे नहीं पता की इस देश में क्या हो रहा है? यह मामला अभी भी कोर्ट में चल रहा है। इसके बावजूद यह लोग झूठ बोल रहे हैं।'
रमेश तौरानी ने क्या कहा?
रमेश तौरानी ने ट्रेलर लॉन्च पर कहा था, 'किसी बात की कोई दिक्कत नहीं है हमने मामले को सुलझा लिया है और आगे भी कोई दिक्कत आएगी तो हम सुलझा लेंगे। यह न्यायालय का मामला है और हम इसे हैंडल कर लेंगे।'
किस गाने को लेकर विवाद हो रहा है?
रिपोर्ट्स के मुताबिक 1993 में फिल्म 'बीवी नंबर 1' आई थी। इस फिल्म में गाना 'चुनरी-चुनरी' था जो आज भी दर्शकों को खूब पंसद है। वरुण की फिल्म में भी इस गाने का इस्तेमाल हुआ है। फिल्म का निर्माण पूजा एंटरटेनमेंट के बैनर तले हुआ था। उस समय वासु भगनानी ने बीवी नंबर 1 के म्यूजिक राइट्स टिप्स म्यूजिक को दिए थे। इस पर वासु का कहना है कि मैंने सिर्फ म्यूजिक राइट्स दिए थे। अभी भी कुछ डिजिटल और वीडियो राइट्स मेरे पास है। अब वरुण की फिल्म का निर्माण टिप्स ने किया है। उन्होंने इस गाने का दोबारा इस्तेमाल किया है। वासु भगनानी के आरोपों को टिप्स म्यूजिक बेबुनियाद बता रहा है। उनका कहना है इन गानों के लीगल राइट्स उनके पास हैं। इसी वजह से कई सालों से सही तरीके से इस्तेमाल कर रहे हैं। अभी इस विवाद पर कोर्ट में मामला चल रहा है।
यह भी पढ़ें: मंगलसूत्र पहने दिखीं कंगना ने शादी कर ली क्या? मानने से पहले सच जान लीजिए
वरुण की 'है जवानी तो इश्क होना है' 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में वरुण के साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े मुख्य भूमिका में हैं। यह एक रोमकॉम मूवी है जिसका निर्देशन डेविड धवन ने किया है। वरुण ने अपने पिता डेविड धवन के साथ 4 फिल्मों में काम किया है।