हॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर और एक्टर रॉब रेनर और उनकी पत्नी मिशेल की मौत हो गई है। दोनों लॉस एंजेलिस स्थित अपने घर पर मृत पाए गए हैं। पुलिस ने अभी इस मामले में बहुत ज्यादा जानकारी दी नहीं है। हालांकि, बताया जा रहा है कि दोनों के शरीर पर चाकू के निशान थे। रॉब के परिवार के सदस्यों से इसे लेकर पूछताछ की जा रही है।
लॉस एंजेलिस फायर डिपार्टमेंट ने रविवार दोपहर 3:30 बजे उन्हें मेडिकल हेल्प की रिक्वेस्ट मिली थी। जब टीम अंदर पहुंची तो उन्हें दोनों की लाश मिली।
रॉब और उनकी पत्नी मिशेल लॉस एंजेलिस के ब्रेंटवुड इलाके में रहते थे। इस इलाके में हॉलीवुड की और भी मशहूर हस्तियां रहती हैं। पुलिस का कहना है कि इस इलाके में हत्या के बहुत कम मामले सामने आते हैं। रॉब और उनकी पत्नी मिशेल की मौत को पुलिस हत्या मानकर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें-- 'भय' को इंडियन कंज्यूरिंग क्यों बता रहे हैं लोग? सच्ची घटना पर आधारित है सीरीज
रॉब-मिशेल की मौत से शोक में डूबा अमेरिका
रॉब और मिशेल की मौत का मामला सामने आने के बाद न सिर्फ हॉलीवुड इंडस्ट्री, बल्कि पूरा अमेरिका शोक में डूब गया है। पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने उनकी मौत पर दुख जताते हुए कहा, 'मैं और मिशेल, रॉब रेनर और उनकी पत्नी मिशेल के निधन से बहुत दुखी हैं। फिल्म और टेलीविजन में रॉब की उपलब्धियों ने हमें स्क्रीन पर कुछ सबसे यादगार कहानियां दीं। उन्होंने जितनी भी कहानियां बनाईं, उनके पीछे लोगों की अच्छाई में गहरा विश्वास था और उस विश्वास को अमल में लाने की जिंदगी भर का कमिटमेंट था।'
उन्होंने आगे कहा, 'उन्हें उन मूल्यों के लिए याद किया जाएगा, जिसका उन्होंने समर्थन किया और उन अनगिनत लोगों के लिए जिन्हें उन्होंने प्रेरित किया।'
पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने भी उनकी मौत पर दुख जताया। कमला हैरिस ने X पर लिखा, 'रॉब रेनर के काम ने अमेरिकियों की कई पीढ़ियों पर असर डाला है। उन्होंने फिल्मों और टेलीविजन में जो किरदार, डायलॉग और विजुअल्स दिखाए, वे हमारी संस्कृति में रच-बस गए हैं। रॉब हमारे देश से बहुत प्यार करते थे। उन्हें हमारे देश के भविष्य की बहुत चिंता थी और उन्होंने अमेरिका के लोकतंत्र के लिए लड़ाई लड़ी।'
कमला हैरिस ने आगे लिखा, 'रॉब और उनकी पत्नी मिशेल एक-दूसरे से बहुत प्यार करते थे। वे प्यारे दोस्त थे और उनकी मौत की खबर सुनकर मैं बहुत दुखी हैं। इस दुख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।'
यह भी पढ़ें-- 'धुरंधर' में जिस अरबी गाने पर नाच रहे 'रहमान डकैत' उसका मतलब जानते हैं?
कौन थे रॉब रेनर?
रॉब रेनर हॉलीवुड के सबसे मशहूर डायरेक्टर्स में से एक थे। उन्होंने कई फिल्मों में एक्टिंग भी की थी। वह 78 साल के थे। उनके पिता कार्ल रेनर मशहूर कॉमेडियन थे।
रॉब के काम में 1980 और 1990 के दशक की कुछ सबसे यादगार फिल्में हैं। उनकी सबसे सफल फिल्मों में 'दिस इज स्पाइनल टैप', 'ए फ्यू गुड मेन', 'व्हेन हैरी मेट सैली' और 'द प्रिंसेस ब्राइड' शामिल हैं।
1970 के दशक के टीवी क्लासिक 'ऑल इन द फैमिली' में उनकी भूमिका ने उन्हें खूब प्रसिद्धि दिलाई। इसके लिए उन्हें दो एमी अवॉर्ड्स मिले थे।
मिशेल उनकी दूसरी पत्नी थी। साल 1989 में रॉब रेनर ने फोटोग्राफर मिशेल से शादी की थी। दोनों की मुलाकात तब हुई थी, जब वह 'व्हेन हैरी मेट सैली' डायरेक्ट कर रहे थे। दोनों के तीन बच्चे हैं।
मिशेल से पहले रॉब ने एक्टर-डायरेक्टर पेनी मार्शल से शादी की थी। हालांकि, यह शादी ज्यादा लंबी नहीं टिकी और तीन साल में ही दोनों अलग हो गए। रॉब के पिता कार्ल रीनर की 2020 में 98 साल की उम्र में मौत हो गई थी। उनकी पहली पत्नी पेनी मार्शल की 2018 में मौत हो चुकी है।